उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी ने पद और गोपनियता की शपथ ग्रहण की है। इस दौरान धामी ने लगातार दूसरी बार सरकार की कमान संभाली है। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने धामी और उनके मंत्रिमंडल को शपथ दिलवाई। उत्तराखंड में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनकर धामी ने रिकॉर्ड बनाया है।
सीएम धामी के अलावा आठ कैबिनेट मंत्रियों के नाम की भी घोषणा की गई। जिनमें सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्य और प्रेमचंद अग्रवाल ने भी शपथ ली। सितारगंज से विधायक सौरभ बहुगुणा और बागेश्वर विधायक चंदन राम पहली बार कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं।
देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व कई वीवीआईपी नेताओं की मौजूदगी में धामी सहित सभी नेताओं ने शपथ ग्रहण की है।
आपको बता दें कि पिछले वर्ष चार जुलाई को पहली बार मुख्यमंत्री बने धामी को चुनाव आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले केवल छह महीने का ही समय मिला। अब उनके सामने पांच साल का कार्यकाल है, जो उनकी कार्य कुशलता, रणनीतिक सोच और राजनीतिक चातुर्य की परीक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहेगा। ऐसे में सरकार का नेतृत्व करते हुए उन्हें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना होगा।