उत्तराखंड भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पुष्कर सिंह धामी 23 मार्च को दोपहर 3:30 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होगा।
उत्तराखंड में लगातार दूसरी बार भारी बहुमत से जीत दर्ज करने वाली बीजेपी की जीत के अगुवा रहे पुष्कर सिंह धामी ही प्रदेश की अगली सरकार के मुखिया होंगे। बता दें कि नई धामी सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम बुधवार 23 मार्च को होगा जिसकी तैयारियां जोरों-शोरों पर हो रही हैं। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व सह पर्यवेक्षक विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी की मौजूदगी में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में धामी को फिर से नेता चुना गया। जिसके बाद अब राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इस बैठक में पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी के अलावा पार्टी के सभी पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद भी मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी आ सकते हैं। इसके लिए शासन स्तर से तैयारियां तेज हो गई हैं।