उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में ड्यूटी करके लौट रहे CRPF के तीन जवानों की गाड़ी में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जुसके चलते तीनों जवानों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी आशीष श्रीवास्तव, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, मुंडेरवा और पुरानी बस्ती समेत अन्य थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ से CRPF के जवान चुनावी ड्यूटी के करने के लिए बस्ती आए थे। कप्तानगंज विधानसभा में इनकी ड्यूटी लगी थी। ये लोग मतदान खत्म होने के बाद बोलेरो से देर रात गोरखपुर के लिए निकले थे। तभी बस्ती-गोरखपुर फोरलेन पर मुंडेरवा थाना अंतर्गत खजौला चौकी के पास वाहन में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो में सवार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें 3 जवानों की मौत हो गई, वहीं ड्राइवर की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक जवानों की पहचान कराई जा रही है।