यूक्रेन और रूस के बीच जंग जारी है। रूस की राजधानी मास्को सहित कई शहरों में लोग यूक्रेन पर युद्ध के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। आपको बता दें कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर युद्ध की घोषणा की थी। जिसके बाद से हमलों की इंटेसिटी काफी बढ़ गई है। यूक्रेन की राजधानी कीव में 7 बड़े विस्फोट सुनाई दिए हैं। शहर में लगातार मिसाइलों से हमले हो रहे हैं। लोग घरों में छुपे हुए हैं। खाने-पीने से लेकर जरूरत की और भी चीजों की कमी के बावजूद लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने पूरी सेना को युद्ध करने की घोषणा की है। इसके लिए यूक्रेन सरकार ने 18 से 60 साल के यूक्रेनी पुरुषों के देश छोड़ने पर पाबंदी लगा दी है। सूत्रों के अनुसार, यूक्रेन ने अपने 10 हजार नागरिकों को युद्ध के लिए राइफलें दी हैं। यूक्रेन ने दावा करते हुए बताया कि उनकी सेना ने 800 से अधिक रूसी सैनिकों को मार गिराया है। 30 रूसी टैंक और 7 जासूसी एयरक्राफ्ट को भी तबाह कर दिया है। रूसी हमले में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं और 316 घायल हुये हैं। मिली जानकारी के अनुसार, रूस की तरफ से यूक्रेन पर कुल 203 हमले किए गए जिनमें 160 हमले मिसाइलों से और 83 लैंड बेस्ड टारगेट हिट किए।