रूस-यूक्रेन के संकट के बीच भारतीय दूतावास की ओर एक बार फिर से एडवाइजरी जारी की है। जिसके बाद यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए पीएम मोदी ने भारतीय वायु सेना की मदद ली है। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरफोर्स के अफसरों से कम समय में अधिक लोगों को निकालने के लिए सहायता करने को कहा है। भारतीय वायु सेना आज से ऑपरेशन गंगा में कई C-17 विमान तैनात कर सकती है।
रूस का यूक्रेन पर हमला लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने का मिशन जारी है। जिसके चलते एअर इंडिया की 7वीं फ्लाइट 182 भारतीयों को लेकर मुंबई पहुंच गई है। वहीं दो अन्य फ्लाइट्स भी बुडापेस्ट और बुखारेस्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भर चुकी हैं। ये जल्द ही देश की राजधानी में उतरेंगी। इन फ्लाइट्स में 434 भारतीयों की वापसी हो रही है। आपको बता दें कि अफगानिस्तान में अशांति के दौरान C-17 ग्लोबमास्टर ने 640 लोगों को लेकर उड़ान भरी थी। भारतीय वायुसेना ने C-17 ग्लोबमास्टर विमान से भारतीयों को काबुल से दो बार एयरलिफ्ट किया था।