बुंदेलखंड के जनपद हमीरपुर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मैदान में भाजपा प्रत्याशी मनोज प्रजापति के समर्थन में केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने संयुक्त जनसभा को संबोधित किया। जनसभा के दौरान उमड़ी भीड़ ने साध्वी निरंजन ज्योति और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के विचारों को सुना।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि दो चरणों में हुए मतदान में भाजपा ने अच्छी बढ़त हासिल की है। समाजवादी गुंडों के चेहरों की हवा-हवाई दिखाई दे रही है। सपा अब दो चरणों में पश्चिम यूपी से पूरी तरह साफ हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले ही बढ़त बनाई थी और इस बार भी अच्छी बढ़त से आगे है। क्योंकि हमने 5 साल में केंद्र सरकार की योजनाओं को शत-प्रतिशत धरातल पर उतारा है। सपा बसपा के शासनकाल में बम फटते थे और गुंडागर्दी चरम सीमा पर थी। लेकिन हमारे 5 साल के शासन में एक भी जगह न दंगा हुआ, न बम ब्लास्ट हुआ, न अराजकता फैली और न ही कही गुंडागर्दी देखने को मिली। हमारी सरकार ने 5 साल में किसी मंत्री के ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप भी नहीं लगाया। हमने सरकारी धन का उपयोग करके यहां तक की प्रेस वार्ता भी नहीं। लेकिन अखिलेश शासनकाल में सरकारी धन का उपयोग करके आए दिन प्रेस वार्ता की जाती थी।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह चुनाव किसी का नहीं है। यह चुनाव बेटियों के सम्मान के लिए है, यह चुनाव किसान के सम्मान के लिए है और यह चुनाव राष्ट्र के सम्मान के लिए है। इस बीच गुंडे उचकने लगे हैं और कह रहे हैं कि मैं आ रहा हूं। आजम खान को जेल से छुड़ाने आ रहा हूं और मुख्तार अंसारी को जेल से छुड़ाने आ रहा हूं। छुड़ाने या गुंडों को छोड़ने आ रहे हो या जिन्ना की मूर्ति लगवाने आ रहे हो जनता तुमको ही छुड़ा देगी। आपके एक मतदान की वजह से 370 और तीन तलाक जैसे गंभीर मुद्दे एक बार में समाप्त हो गए थे।
स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने अटल बिहारी वाजपेई को सांप्रदायिक कहा था लेकिन आज आप निर्णय कीजिए की सांप्रदायिक कौन है। जिसने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई उनको चिमटी से भी छूना महापाप है।साथ ही कहा कि सपा शासनकाल में बेटियों को सरेआम उठा लिया जाता था।