नार्थ सिक्किम में शुक्रवार एक बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 16 भारतीय जवान शहीद हो गए। हादसे में चार घायल जवानों को एयर लिफ्ट कर निकाला गया। रक्षामंत्री ने ट्वीट कर शोक संवेदना व्यक्त की है। उत्तरी सिक्किम में सेना के एक ट्रक का एक्सीडेंट हो गया। जिसमें 16 जवान शहीद हो गए।
सेना ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था। जो चटन से सुबह थंगू की ओर बढ़ा था। जेमा के रास्ते में वाहन एक तीव्र मोड़ पर स्लिप होकर नीचे खाई में गिर गया। हादसे के बाद एक बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और चार घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला गया।
बर्फ से ढका है पूरा इलाका
भारतीय सेना ने कहा कि दुर्भाग्य से तीन जूनियर कमीशंड अधिकारी और 13 सैनिक ने दुर्घटना में शहीद हो गए। इस दुख की घड़ी में भारतीय सेना शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। नॉर्थ सिक्किम बेहद ही खतरनाक इलाका है। ये इलाका इन दिनों पूरा बर्फ से ढका होता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि, उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।