Valentines day: बॉलीवुड सुपरस्टार (Bollywood superstar) शाहरूख खान (Shahrukh Khan) वैलेंटाइंस डे की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन वैलेंटाइंस डे (Valentines day) की तैयारियों के बीच शाहरूख को परेशान करने वाली खबर सामने आई है। शाहरूख अपनी सबसे बेहतरीन फिल्मों से एक दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे (DDLJ) नहीं देखना चाहते हैं। शाहरूख का कहना है कि 30 साल बाद बड़ी मुश्किल से एक्शन हीरो बना हूं। अब मैं राज के करेक्टर से बाहर आ गया हूं।
शाहरुख खान को करीब 30 साल इंतजार करने के बाद एक्शन हीरो का किरदार मिला। वहीं साल 2023 में रिलीज हुई उनकी फिल्म पठान बॉक्स ऑफिस पर लगातार धूम मचा रही है। इस बीच यशराज फिल्म्स ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने वैलेंटाइंस डे के मौके पर दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे फिल्म को दोबारा रिलीज करने की जानकारी दी। जिससे शाहरुख खान खुश नहीं दिखे।
सिनेमाघरों में दोनों मूवी
यशराज फिल्म्स ने ट्विटर पर डीडीएलजे को दोबारा रिलीज करने का ऐलान किया। उन्होंने लिखा है कि दो अलग-अलग युगों की ब्लॉकबस्टर डीडीएलजे और पठान अब एक ही जगह मौजूद हैं। इस वैलेंटाइंस वीक में आप अपने नजदीकी सिनेमाघरों में डीडीएलजे भी देख सकते हैं।
उफ्फ, यह कॉम्पिटिशन
शाहरुख खान ने इस ट्वीट पर जवाब दिया। उन्होंने लिखा अरे यार इतनी मुश्किल से एक्शन हीरो बना। तुम लोग राज को वापस ला रहे हो। उफ्फ, यह कॉम्पिटिशन तो मुझे मार ही डालेगा। मैं तो पठान देखने जा रहा हूं, राज तो घर का है।
37 शहरों में हो रही रिलीज
यशराज फिल्म्स की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, देश के 37 प्रमुख शहरों के सिनेमाघरों में 10 फरवरी को डीडीएलजे री-रिलीज की गई। इनमें पुणे, अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, फरीदाबाद, लखनऊ, देहरादून, चंडीगढ़, गुवाहाटी, बेंगलुरु, हैदराबाद, इंदौर, वेल्लोर और त्रिवेंद्रम आदि शामिल हैं।
मराठा मंदिर में स्क्रिनिंग जारी है
दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे देश की सबसे ज्यादा दिन तक चलने वाली फिल्म है। 1995 से अब तक मुंबई के मराठा मंदिर में इस फिल्म की स्क्रीनिंग जारी है। आदित्य चोपड़ा के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में अमरीश पुरी, अनुपम खेर, फरीदा जलाल और मंदिरा बेदी ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
‘पठान’ 2023 की सबसे बड़ी हिट
सिनेमाघरों में रिलीज हुई पठान लगातार धूम मचा रही है। यह फिल्म दुनियाभर में करीब 900 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है। वहीं भारत में इसकी कमाई 558 करोड़ रुपये हो गई है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी पठान में जॉन अब्राहम और दीपिका पादुकोण ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं।