आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने विपक्षी नेताओं को परेशान किए जाने का आरोप बीजेपी पर लगाया है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्षियों को परेशान करने का काम कर रही है। फर्जी मुकदमों में नेताओं को जेल भेजा जा रहा है। ये बात उन्होंने आजमगढ़ जेल पहुंचने पर कही। वो इटौरा जेल में बंद सपा विधायक रमाकांत यादव से मुलाकात करने पहुंचे थे।
2024 की तैयारी में बीजेपी कर रही परेशान
अखिलेश यादव ने कहा कि आजमगढ़ हो अथवा रामपुर दोनों जगहों पर विपक्षी दलों के नेताओं को फर्जी मुकदमों में जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया। एक तो छूट कर वापस आ गए और दूसरे भी जल्द आ जाएंगे। 2024 के चुनाव में आजमगढ़ की जनता एक बार फिर सूद के साथ समाजवादियों को वोट करेंगी। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार अभी से 2024 की तैयारी में जुट गई है। इसके तहत ही विपक्षी दलों के नेताओं को परेशान किया जा रहा है।
बेरोजगारी का मामला उठाया
अखिलेश यादव ने इस दौरान बेरोजगारी का मसला भी उठाया। उन्होंने कहा कि महंगाई-बेरोजगारी की तरफ से जनता का ध्यान हटाने और विपक्षी दलों के आंदोलन पर लगाम लगाने को लेकर फर्जी मुकदमा दर्ज करने की कवायद पूरे प्रदेश में चल रही है।
विवादों से रहा रमाकांत यादव का पुराना नाता
आजमगढ़ की फूलपुर पवई से निर्वाचित सपा विधायक रमाकांत यादव का विवादों से पुराना नाता रहा है। पिछली होली पर ही उन्होंने कहा था, ‘‘मैं खुद होली नहीं मनाता हूं। लोगों को भी होली मनाने से मना करता हूं। होली हम लोगों का त्योहार नहीं है। 14 अप्रैल बाबा साहेब का जन्मदिन आ रहा है। सभी लोग डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती मनाएं और उनके बताए रास्ते पर चलें।’’इससे पहले रमाकांत यादव ने कलाई पर बंधा रक्षासूत्र कटवा दिया था। कहा था कि हम लोग शूद्र हैं। 2 साल पहले पूरे देश में कोरोना की आहट शुरू हुई थी। उस समय कहा था कि कहां है कोरोना? हमारे पास आ जाए, हम गले लगा लें।