मेरठ। नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता करने वाले श्रीकांत त्यागी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे मेरठ से अरेस्ट किया गया है। पुलिस ने उसकी मदद करने वाले 3 साथियों को भी अरेस्ट किया है। सोमवार को पुलिस ने श्रीकांत त्यागी पर दबाव बनाते हुए उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। उसके बाद मंगलवार सुबह उसका पता लगा लिया गया और मेरठ से अरेस्ट कर लिया।
क्या था मामला
आपको बता दें की नोएडा ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में महिला से अभद्रता करने का श्रीकांत पर आरोप है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। वीडियो वायरल होने के बाद से वो फरार हो गया था। वो कथित तौर पर सोसायटी के लोगों को खुद को बीजेपी नेता बताता था। हालांकि बीजेपी ने पार्टी से उसके संबंधों को लेकर इनकार किया है। नोएडा पुलिस की टीम कई शहरों में श्रीकांत त्यागी को अरेस्ट करने के लिए रेड कर रही थी। पुलिस ने त्यागी पर 25 हजार इनाम भी घोषित कर रखा था।
त्यागी के ठिकानों पर चल सकता है बुलडोजर
इस मामले में सीएम योगी ने भी राज्य के गृह विभाग से रिपोर्ट भी मांगी थी। सीएम योगी ने गृह विभाग को श्रीकांत त्यागी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश भी दिए। वहीं नोएडा में श्रीकांत त्यागी की दुकानों में नोएडा अथॉरिटी का बुलडोजर भी चल सकता है। फिलहाल चार दिन बाद आखिरकार श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार करने में नोएडा पुलिस ने सफलता हासिल कर ली है।
अधिकारियों पर भी गिर सकती है गाज
वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रकरण में गृह विभाग से रिपोर्ट मांगी है और पूछा कि श्रीकांत त्यागी को किस आधार पर पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई थी। उन्होंने उन अफसरों पर भी एक्शन लेने को कहा जिन्होंने उसे सुरक्षा प्रदान की थी। इसकी जांच चल रही है और रिपोर्ट के बाद उन अधिकारियों को भी दोषी ठहराया जा सकता है, जिन्होंने त्यागी को गनर मुहैया करायी थी।