गुवाहटी। पुलिस ने असम में आतंकी माड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए बारपेटा जिले से अलकायदा संगठन से जुड़े दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आतंकियों के साथ पूछताछ कर रही है। बारपेटा एसपी अमिताव सिन्हा ने बताया, दोनों संदिग्ध व्यक्तियों का लिंक अलकायदा भारतीय उपमहाद्वीप (एआईक्यूएस) और अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) से है। एसपी ने कहा, रात भर की पूछताछ के बाद उन्हें रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि दोनों को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दस दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
असम पुलिस राज्य में तैयार हो रहे आतंकी माड्यूल को ध्वस्त करने के लिए ऑपरेशन चलाए हुए है। सटीक सूचना पर पुलिस के दस्ते ने अलकायदा आतंकी संगठन से जुड़े दो आतंकवादियों को बारपेटा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए दोनों संदिग्धों का लिंक इस मदरसे से भी है। पुलिस के मुताबिक, मदरसे में बेदखली अभियान भी चलाया क्योंकि यह मदरसा अवैध रूप से सरकारी जमीन पर बनाया गया था।
पुलिस ने बताया, बारपेटा जिले से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकियों की पहचान कर ली गई है। एक की पहचान अकबर अली तो दूसरे की अबुल कलाम आजाद के रूप में हुई है। बतादें, आतंकी लिंक मामले में पुलिस ने पिछले 10 दिनों में करीब छह लोगों की गिरफ्तारी की है। इससे पहले गोलपारा से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बीती 26 अगस्त को पुलिस ने गोलपारा के एक मदरसे से हफीजुर्रहमान मुफ्ती नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। इसके भी आतंकी संगठन से संबंध थे। यह व्यक्ति यहां के मदरसे में शिक्षक था।
पिछले दिनों असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपील की थी कि हमने कुछ एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर) बनाए हैं कि अगर आपके गांव में कोई इमाम आता है और आप उसे नहीं जानते हैं तो तुरंत पुलिस स्टेशन को सूचित करें, वे सत्यापित करेंगे, उसके बाद ही वे रुक सकते हैं। असम का हमारा मुस्लिम समुदाय इस काम में हमारी मदद कर रहा है।