अनिल निषाद, अयोध्या
रामनगरी अयोध्या में पहली बार राष्ट्रीय सेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के शारीरिक वर्ग की शाखा का आयोजन किया गया। ये आयोजन विश्व हिंदू परिषद के मुख्यालय कारसेवकपुरम में किया गया। इसमें देश के सभी प्रांतों के प्रमुख लोग शामिल हुए। इस पांच दिवसीय शारीरिक वर्ग शाखा का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ परिचय पत्र से हुआ। इस दौरान सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, सह सर कार्यवाह कृष्ण गोपाल, नवनियुक्त सह सर कार्यवाह अरुण कुमार के साथ शारीरिक प्रमुख सुनील कुलकर्णी, सह प्रमुख जगदीश सहित 45 प्रांतों से करीब 400 संघी कार्यकर्ता मौजूद रहे। संघ के क्षेत्र प्रचारक डॉ अनिल मिश्रा ने बताया कि पूरे देश में 400 कार्यकर्ता शारीरिक वर्ग शाखा से हैं। जो सभी प्रान्तों में शारीरिक काम करते हैं।
इस पांच दिवसीय अभ्यास वर्ग में शामिल होने के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत भी अयोध्या पहुंच रहे हैं। मोहन भागवत 19, 20 और 21 अक्टूबर को शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान देशभर से आए संघ के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर संघ के विचार और उनके उद्देश्य की विस्तृत जानकारी देंगे। तो वहीं शारीरिक वर्ग में दंड शिक्षा सहित किसी भी परिस्थिति में देश की सुरक्षा में संघी अपनी अहम भूमिका निभा सकें, इसकी पूरी जानकारी देने के साथ अभ्यास वर्ग भी कराया जाएगा।