हमीरपुर। शासन की लाख मनाही के बावजूद स्कूलों में बारात ठहराने के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसा ही एक मामला हमीरपुर जनपद के सुमेरपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय टिकरौली में सामने आया है। यहां ग्राम प्रधान के बेटे की बर्थ-डे पार्टी का आयोजन किया गया। बाहर से बार बालाओं को बुलवाया गया। बार बालाओं ने जमकर ठुमके लगाए। किसी ने पूरे प्रकरण का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। बता दें, इस वीडियो की पुष्टि अस्तित्व न्यूज नहीं करता।
मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षा के मंदिर में उच्च प्राथमिक विद्यालय टिकरौली की ग्राम प्रधान संध्या पाल के तीन वर्षीय बच्चे का जन्मदिन के जश्न में पार्टी का आयोजन किया गया था। इसमें विद्यालय परिसर में बार-बालाओं के ठुमके भी लगे। महिला प्रधान के पति साथ ग्रामीण भी बार बालाओं के साथ डांस किया। पूरी रात कार्यक्रम चला। बताया जा रहा है कि, ग्राम प्रधान के पति के कहने पर स्कूल के प्रधानाध्यापक ने कार्यक्रम की अनुमति दी थी। स्कूल को खोला गया था।
स्कूल में बार बालाओं के ठुमके का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि, ये वीडियो दो दिन पुराना है। ग्रामीणों ने वायरल वीडियो पर कहा कि, हां स्कूल में पार्टी का आयोजन किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि, प्रधान पति के कहने पर रात को स्कूल खोला गया। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक और प्रधान पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ममले पर ग्राम प्रधान पति बवाली पाल ने बताया कि यह उनके बर्थडे पार्टी का है। उसमें कुछ भी गलत नहीं हैं। वहीं, बीएसए कल्पना जायसवाल का कहना है कि टिकरौली के विद्यालय में वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। इस पर प्रधानाध्यापक से रिपोर्ट मांगी गई है, जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।