कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली पहुंचने वाली है। भारत जोड़ो यात्रा को लेकर दिल्ली में तैयारियां तेज हो गईं हैं। बीते सोमवार को यात्रा की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यालय में बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जगदीश टाइटलर ने भी हिस्सा लिया था। जगदीश टाइटलर ने कहा कि मैं भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लूंगा। राहुल गांधी जो कर रहे हैं, हम सभी उनके साथ हैं। बड़ी संख्या में लोग राहुल की यात्रा में जुड़ रहे हैं।
मीडिया से बात करते हुए जगदीश टाइटलर से 1984 के सिख विरोधी दंगों को सवाल पूछा गया तो उन्होने कहा कि मेरे खिलाफ किसी तरह की एफआईआर नहीं है। सीबीआई ने मुझे अब क्लीयरेंस भी दे दिया है। कुछ लोग इसमें सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। मैं आखिरी सांस तक कांग्रेस पार्टी के साथ रहूंगा। भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम पर पूरा देश काम कर रहा है। हमने देखा कि था कि इंदिरा गांधी के वक्त क्या हुआ था। एक बार हम सभी फिर ऐसा होते हुए देख रहे हैं।
पार्टी में दिख रहे हैं टाइटलर
1984 के सिख विरोध दंगों में शामिल होने के आरोपों के चलते जगदीश टाइटलर लंबे वक्त से कांग्रेस में कथित तौर पर हाशिये पर थे। दिल्ली नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें अहम जिम्मेदारी दी थी। एमसीडी के लिए दिल्ली कांग्रेस चुनाव समिति के 20 सदस्यों में उन्हें भी जगह दी गई थी। टाइटर एमसीडी चुनाव अभियान के दौरान प्रचार करते हुए भी नजर आए थे। कांग्रेस में टाइटलर के सक्रिय भूमिका में आने पर बीजेपी ने उन्हें और पार्टी को घेरा था।
यात्रा की तैयारियों में जुटी कांग्रेस पार्टी
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार के मुताबिक, पार्टी की ’भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा होते हुए 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेगी। पार्टी नेता बदरपुर बॉर्डर इलाके में यात्रा का स्वागत करेंगे। दिल्ली में राहुल गांधी सुबह 6 बजे पदयात्रा शुरू कर देंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं में इसे लेकर खासा जोश है।
दिल्ली के बाद भारत जोड़ो यात्रा में एक हफ्ते का ब्रेक आएगा। दिल्ली के बाद यात्रा उत्तर प्रदेश पहुंचेगी। आगामी तीन जनवरी को राहुल गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उत्तर प्रदेश के लिए कूच कर सकते हैं। कांग्रेस नेता के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में भारत जोड़ो यात्रा को 45 किलोमीटर की दूरी तय करनी है। यात्रा को सफल बनाने के लिए दिल्ली कांग्रेस में लगातार बैठकों का दौर जारी है और पार्टी बड़े पैमाने पर तैयारियां कर रही है।