कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा के नूंह पहुंच गई है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि कोरोना के जरिए भारत जोड़ो यात्रा रोकने का बहाना बनाया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर देशहित में यात्रा स्थगित करने की अपील की थी। हरियाणा के नूंह में राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी भारत जोड़ो यात्रा से डर गई है। कांग्रेस के कई नेता पहले ही आशंका जता चुके थे कि यात्रा को रोकने के लिए कोरोना का डर दिखाया जा रहा है।
राहुल गांधी ने नूंह में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इन्होंने नया आइडिया निकाला है। मुझे चिट्ठी लिखी कि कोविड आ रहा है, यात्रा बंद करो। कोविड आ रहा है यात्रा बंद करो। अब भैया मतलब आप देखिए अब यात्रा को रोकने के लिए बहाने बन रहे हैं। मास्क पहनो यात्रा बंद करो कोविड फैल रहा है। सब बहाने हैं। हिंदुस्तान की शक्ति हिंदुस्तान की सच्चाई से ये लोग डर रहे हैं।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि आप देखिए मैं आपको मजेदार बात बताना चाहते हैं। यात्रा में अब हम 100 दिन से ज्यादा चले हैं। इसमें हिंदू, मुसलमान, सिख और ईसाई हर जाति-धर्म के लोग हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने 21 दिसंबर को मेवात के नूंह के रास्ते हरियाणा में एंट्री की थी। हरियाणा में यात्रा दो चरणों में है। 23 दिसंबर को फरीदाबाद होते हुए यात्रा दिल्ली की ओर पहुंचेगी। दिल्ली में यात्रा 24 दिसंबर को प्रवेश करेगी। वहीं हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण 6 जनवरी को शुरू होगा।
कोविड संक्रमण पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर यात्रा रोकने की अपील की थी। यात्रा की प्रांतीय समन्वय समिति के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने कहा है कि यात्रा नहीं रोकी जाएगी। खुर्शीद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि कांग्रेस अपनी यात्रा में कोविड से बचाव संबंधी तमाम सावधानियों का पालन सबसे पहले हर हाल में करेगी। लेकिन यात्रा नहीं रुकेगी। कांग्रेस नेता से पूछा गया था कि मांडविया ने राहुल को पत्र लिखकर यात्रा रोकने को कहा है, तो क्या यात्रा कार्यक्रम पर इसका असर पड़ेगा । इस पर खुर्शीद ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर पार्टी और व्यक्ति को अपनी बात कहने का अधिकार है। कांग्रेस की इस यात्रा से सरकार डर गई है।