लखनऊ में बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक चल रही है। चुनाव के बाद ये पहली कार्यसमिति की बैठक है। इस बैठक में फोकस 2024 के लोकसभा चुनाव पर होगा। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बैठक में कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी दी जा सकती है।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने फूलों का गुलदस्ता देकर सीएम योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। सीएम योगी ने दीप जलाकर कार्यसमिति का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि बीजेपी ने सभी मिथकों को तोड़ा है। 37 साल बाद किसी सरकार ने यूपी में दोबारा वापसी की है। केंद्र में बीजेपी सरकार के आठ साल पूरे हो रहे हैं। इन 8 सालों में देश एक नई दिशा की ओर बढ़ रहा है। बीजेपी सरकार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। आज देश विश्व का नेतृत्व करने के लिए तैयार है।
कार्यसमिति की बैठक में आने वाले नगर निकाय चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव पर भी मंथन हो रहा है। इसके साथ ही नए प्रदेश अध्यक्ष का भी ऐलान हो सकता है। इस बैठक से पहले राज्य मुख्यालय में प्रदेश महामंत्रियों की भी बैठक हुई। बता दें कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी और क्षेत्रीय अध्यक्ष भी शामिल होंगे।