अयोध्या। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की ओर से अयोध्या में जमीन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा पर निशाना साधा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ये बीजेपी के नेताओं को बदनाम करने की साजिश है। विपक्षी दलों के पास कोई मुद्दा नहीं है। विपक्षी पार्टियों के नेताओं के मन में प्रभु राम के प्रति श्रद्धा के बजाय विद्वेष है और उसी भावना से वह काम कर रहे हैं।
पाठक ने कहा कि अयोध्या में जब से प्रभु राम का भव्य मंदिर निर्माण हो रहा है विपक्षी दल बड़े कष्ट में हैं।
गौरतलब है कि अयोध्या में अवैध कॉलोनी बसाने वालों में भाजपा नेताओं का नाम सामने आने के बाद सियासत शुरू हो गई है। इसको लेकर एक लिस्ट भी जारी की गई है। सपा से लेकर आम आदमी पार्टी यानी आप तक ने सरकार पर सवाल उठाया। जवाब में सरकार के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मोर्चा संभाला। उनका दावा है कि विपक्ष के नेताओं के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए अब झूठ फैला रहे हैं।
लिस्ट पूरी तरह से फर्जी
उन्होंने कहा, ये लोग अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। इन लोगों ने अयोध्या विकास प्राधिकरण की जो सूची जारी की है वो पूरी तरह से मनगढ़ंत है और फर्जी है। विकास प्राधिकरण ने ऐसी कोई सूची जारी ही नहीं की है। वह पूरी तरह से बनाई हुई सूची है। केवल बदनाम करने की साजिश है। पाठक ने कहा कि इस मामले में भी जांच की जा रही है और जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ़ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
क्या कहना है एडीए का
वहीं अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) के उपाध्यक्ष (वीसी) विशाल सिंह ने कहा कि मीडिया में फैलाई गई सूची गलत और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि अयोध्या विकास प्राधिकरण अवैध कॉलोनियों को चिन्हित कर रहा है। यह कार्यवाही प्रगति पर है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि कौन सी कॉलोनी अवैध है। इस सम्बंध में भ्रामक और मनगढंत खबरें फैलाने वालों पर उचित कार्रवाई करने की आवश्यकता है।