गाजियाबाद। शहर की सड़कों पर बुलेट पर और कंधे में बंदूक लेकर चलने वाली शिवांगी डबास की दबंगई का एक मामला सामने आया है। बुलेट रानी से मशहूर लेडी ने स्कूटी के टक्कर से इस कदर नाराज हो गई कि, उसने महिला कांस्टेबल की पिटाई कर दी। महिला कांस्टेबल ने आलाधिकारियों से पूरे प्रकरण की शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी शिवांगी को घर से गिरफ्तार कर जेज भेज दिया है। पूरे प्रकरण का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। जिसके बाद यूजर्स कई तरह के कमेंट कर रहे हैं।
गाजियाबाद जिले से बुलेट रानी नाम से मशहूर शिवांगी डबास के वीडियो सोशल मीडिया पर अक्सर वायरल होते रहते हैं। कभी बुलेट चलाते हुए तो कभी गाड़ी के छत पर जानलेवा स्टंट करते हुए शिवांगी के वीडियो सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। शिवांगी डबास के सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं। इंटरनेट की दुनिया में यह बुलेट रानी किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं हैं, लेकिन इस बार शिवांगी डबास गलत वजहों से सुर्खियों में है। उन्होंने एक महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट की। जिसके चलते पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि रविवार रात दस बजे एएलटी रोड पर डबास के दोस्त की कार से महिला कांस्टेबल की स्कूटी टकरा जाने पर विवाद हुआ था। इसी पर कार में सवार शिवांगी ने महिला कांस्टेबल से हाथापाई की। कांस्टेबल ज्योति ने बताया कि वह ड्यूटी से स्कूटी पर घर लौट रही थीं। एनडीआरएफ रोड से एएलटी की तरफ जाते समय स्कूटी में कार की टक्कर लगी। कार चालक ओवरटेक कर रहा था। उन्होंने कार चालक युवक से रुकने के लिए कहा तो कार से शिवांगी बाहर निकली। उसने थप्पड़ जड़ दिया।
महिला कांस्टेबल का आरोप है कि, जब उन्होंने पुलिस को फोन करने की कोशिश की तो उसने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इसके बाद शिवानी ने अपशब्द कहे और उनकी वीडियो बनाई। वह धमकी देकर वहां से भाग निकली। पुलिस ने चार धाराओं में केस दर्ज किया है। मधुबन बापूधाम थाना प्रभारी मुन्नेश कुमार ने बताया कि ज्योति ने शिवांगी और कार में सवार युवक के खिलाफ लोकसेवक को चोट पहुंचाने, मारपीट और अभद्रता करने, अपशब्द कहने, जान की धमकी और खतरनाक ढंग से गाड़ी चलाने की धाराओं में केस दर्ज कराया है।
पिछले डेढ़ साल में शिवांगी के बुलेट पर स्टंट करते हुए कई वीडियो वायरल हुए हैं। पुलिस उनके आठ चालान काट चुकी है। इनकी कुल जुर्माना राशि एक लाख से ज्यादा है। गोविंदपुरम निवासी शिवांगी ने जेल जाने से पहले मीडियाकर्मियों से कहा कि मामूली सा विवाद था। उनके दोस्त ने महिला सिपाही से माफी मांग ली थी। मामला वहीं समाप्त हो जाना चाहिए था। इसके बाद महिला सिपाही ने उनके साथ बदसलूकी की। पुलिस घर आई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।