नई दिल्ली श्रीलंका के खिलाफ खेले गए पहले एक दिवसीय क्रिकेट मैच में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने शतक जड़ कर टीम इंडिया को जबरदस्त जीत दिलवाई। तीन मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 1- शून्य से बढ़त बना ली है। कोहली की विराट पारी ने जहां सचिन तेंदुलकर के देश में 20 शतक की बराबरी की, वहीं अब उनकी नजर ‘क्रिकेट के भगवान’ के कीर्तिमान 50 शतकों पर है। फिलहाल कोहली के 45 शतक हो गए। पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने बड़ी भविष्यवाणी करते हुए ऐलान किया है कि, 2023 में विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर के इस रिकार्ड को तोड़कर अपना नाम सबसे ज्यादा वंडे सेंचुरी में दर्ज करा लेंगे।
इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज क्रिकेटर
श्रीलंका के खिलाफ विराट कोहली ने 87 बॉल पर 113 रन की पारी खेली। इस पारी के साथ ही विराट कोहली के वनडे इंटरनेशनल की 257 पारियों में 12,584 रन पूरे हो गए। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज क्रिकेटर हैं। उनके बाद भारत के ही सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के नाम हैं। सचिन ने 310 और पोंटिंग ने 338 पारियों में 12,500 वनडे रन पूरे किए थे। इसके साथ ही विराट ने सचिन तेंदुलकर के देश में 20 शतकों की बराबरी कर ली है। अब विराट की नजर ‘धरती के भगवान’ के 50 एक दिवसीय शतकों पर है। टीवी कमेंटर व पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने कहना है कि, इस वर्ष टीम इंडिया को कई वंडे खेलने हैं। ऐसे में विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर के 50 शतकों को पार कर नया रिकार्ड बनाएंगे।
कोहली का इंटरनेशनल क्रिकेट में 73वां शतक
विराट कोहली का यह इंटरनेशनल क्रिकेट में 73वां शतक भी था। वनडे में 45 शतक के अलावा उन्होंने टेस्ट में 27 और टी-20 इंटरनेशनल में भी एक शतक जड़ा है। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनसे ज्यादा शतक सचिन तेंदुलकर के ही हैं। सचिन के नाम वनडे में 49 और टेस्ट में 51 शतक मिलाकर इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक हैं। विराट के बाद ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग ने 71 इंटरनेशनल शतक लगाए हैं। सचिन के 49 वनडे शतकों से विराट 4 शतक दूर हैं। 100 शतक का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें 28 सेंचुरी और लगानी होंगी। विराट कोहली ने वनडे करियर के सभी 45 शतक 3 या 4 नंबर पर बैटिंग करते हुए ही बनाए हैं। ओपनिंग से नीचे बैटिंग करते हुए उनके सबसे ज्यादा शतक हैं। उनसे पीछे ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और साउथ अफ्रीका के एबी डी विलियर्स हैं। पोंटिंग के नाम 30 और एबी के नाम 24 वनडे शतक हैं।
इंटरनेशनल शतकों के मामले में भी विराट टॉप पर
एक्टिव प्लेयर्स में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतकों के मामले में भी विराट टॉप पर हैं। विराट के 73 शतकों के बाद ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर ने 45 शतक लगाए हैं। इंग्लैंड के जो रूट ने 44, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने 42 और भारत के रोहित शर्मा ने 41 शतक लगाए हैं। पांचों ही प्लेयर्स फिलहाल क्रिकेट खेल रहे हैं। वहीं विराट कोहली ने 11वीं बार लगातार 2 वनडे पारियों में शतक लगाए। श्रीलंका से पहले उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 10 दिसंबर 2022 को पिछले वनडे में भी शतक लगाया था। तब भी उन्होंने 113 रन की पारी खेली थी। इस मैच के बाद भारत ने 2 टेस्ट और 3 टी-20 इंटरनेशनल खेले, लेकिन वनडे श्रीलंका के खिलाफ ही खेला।
विराट के नाम ये भी रिकार्ड हुआ दर्ज
विराट ने श्रीलंका के खिलाफ 129.88 के स्ट्राइक रेट से शतक बनाया। 100 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से वनडे सेंचुरी बनाने के रिकॉर्ड में भी वह टॉप पर हैं। उनके बाद साउथ अफ्रीका के एबी डी विलियर्स ने 25 बार 100 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से वनडे सेंचुरी बनाईं। वहीं, सचिन तेंदुलकर ने 24 बार ऐसा किया। विराट के नाम भारत के लिए सबसे तेज 52 बॉल में वनडे सेंचुरी बनाने का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा किया था। अब तक खेली 257 पारियों में विराट 69 बार टीम के टॉप स्कोरर रहे हैं। शुरुआती 257 वनडे पारियों में सबसे ज्यादा बार टॉप स्कोरर बनने के मामले में उन्होंने सचिन देंतुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। तेंदुलकर ने 68 बार ऐसा किया था। उनके बाद वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा ने 65 बार ऐसा किया था।
विराट ने श्रीलंका के खिलाफ जड़े 9 शतक
विराट कोहली ने भारत में खेलते हुए 4 साल बाद वनडे शतक लगाया। उन्होंने आखिरी बार 8 मार्च 2019 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रांची में 123 रन की पारी खेली थी। इसके बाद अब जा के वह शतक लगा सके हैं। भारत में यह उनका 20वां शतक है। विराट के श्रीलंका के खिलाफ 47 पारियों में 9 वनडे शतक पूरे हो गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी 41 पारियों में 9 शतक लगाए हैं। किसी एक देश के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले भारतीयों में वह सचिन तेंदुलकर की बराबरी पर हैं। सचिन के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 शतक हैं।