प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है..
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को हुई हल्की बारिश के बाद पारा चार डिग्री तक गिर गया। अनुमान है कि गुरुवार को बारिश होगी, जिससे तापमान में कुछ और गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। बुधवार को दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे तक 37.1 एमएम बारिश हुई। वहीं शाम साढ़े पांच बजे तक छह एमएम बारिश दर्ज हुई।
सुबह दिल्ली के मयूर विहार इलाके में सबसे ज्यादा 111 एमएम बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर बना हुआ है।
इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ भी बना हुआ है। बृहस्पतिवार को सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहेंगे। मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती है। अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने आ अनुमान है।