मुम्बई। महाराष्ट्र की राजनीति में फिर नया मोड़ आ गया है। शाम साढ़े सात बजे एकनाथ शिंदे के साथ पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस बतौर उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसकी जानकारी जेपी नड्डा ने मीडिया से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि, देवेंद्र फडणवीस को सरकार में आना चाहिए और पदभार संभालना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र ने इस बात को निर्देशित किया है कि देवेंद्र फडणवीस डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभाले और महाराष्ट्र की जनता और महाराष्ट्र की लोगों की जो आकांक्षाएं हैं उसे पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगाएं। इसके साथ ही जेपी नेड्डा और गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि, देवेंद्र जी सरकार में शामिल होने के लिए तैयार है।
महाराष्ट्र के लिए गुरूवार का खासा अहम रहा। बुधवार को जहां देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री बनाए जानें की चचाएं चल रही थीं, वहीं आज बड़ा उलटफेर हो गया। खुद देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बातचीत के दौरान एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाए जाने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं सरकार में शामिल नहीं होऊंगा। देवेंद्र फडणवीस ने ये भी कहा कि, शाम साढ़े सात बजे शिंदे सीएम पद की शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा। देवेंद्र फडणवीस के इस बयान के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि, कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने फैसला किया है कि देवेंद्र फडणवीस को सरकार का हिस्सा बनना चाहिए। इसलिए उनसे व्यक्तिगत अनुरोध किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय नेतृत्व ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभालना चाहिए।
नड्डा ने कहा कि एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस को बधाई। आज यह सिद्ध हो गया कि बीजेपी के मन में कभी मुख्यमंत्री पद की लालसा नहीं थी। 2019 के चुनाव में स्पष्ट जनादेश नरेंद्र मोदी एवं देवेंद्र जी को मिला था। उद्धव ठाकरे ने सीएम पद के लालच में हमारा साथ छोड़कर विपक्ष के साथ सरकार बनाई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र की जनता की भलाई के लिए बड़े मन का परिचय देते हुए एकनाथ शिंदे का समर्थन करने का निर्णय किया। देवेंद्र फडणवीस ने भी बड़ा मन दिखाते हुए मंत्रिमंडल में शामिल होने का निर्णय किया है, जो महाराष्ट्र की जनता के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह निर्णय लेकर एक बार फिर साबित कर दिया है कि कोई पद पाना हमारा उद्देश्य नहीं है अपितु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और महाराष्ट्र की जनता की सेवा करना हमारा परम लक्ष्य है। जेपी नड्डा ने कुछ देर के बाद ट्वीट भी किया और सरकार के गठन की जानकारी दी। बतादें, शपथ समारोह में शामिल होने के लिए देवेंद्र फडणवीस और शिंदे राज्यपाल भवन की तरफ निकल गए हैं। राज्पाल भवन में पहले दो कुर्सियां रखी थीं, लेकिन जेपी नड्डा के बयान के बाद इनकी संख्या तीन हो गई है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि देवेंद्र फडणवीस बतौर डिप्टी सीएम पद की शपथ आज ही लेंगे।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के कहने पर देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा मन दिखाते हुए महाराष्ट्र राज्य और जनता के हित में सरकार में शामिल होने का निर्णय लिया है। यह निर्णय महाराष्ट्र के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा व सेवाभाव का परिचायक है। इसके लिए मैं उन्होंने हृदय से बधाई देता हूं। गृहमंत्री के अलावा कई अन्य नेताओं ने भी ट्वीट कर महाराष्ट्र की नई सरकार को शुभकमानाएं दी हैं।
बता दें, 288 सीटों वाले विधानसभा में इस वक्त एक सदस्य के निधन के कारण 287 विधायक हैं। ऐसे में बहुमत का आंकड़ा 144 सीटों का है। बीजेपी के पास 106 विधायक हैं। शिंदे के समर्थन वाले विधायकों की संख्या 39 है। 12 निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी बीजेपी को है। इसके अलावा बीवीए के 3 और एमएनएस के 1 विधायक भी बीजेपी खेमे में हैं। इस तरह बीजेपी का कुल आंकड़ा 161 पहुंच जाता है। वहीं, विपक्ष में शिवसेना के 16, एनसीपी के 53, कांग्रेस के 44, समाजवादी पार्टी के 2 विधायक हैं। इसके अलावा ओवैसी की पार्टी के 2, निर्दलीय 2 विधायक हैं। यानी विधानसभा का गणित अब पूरी तरह से बीजेपी के साथ है।