इटावा। जनपद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सीमा सुरक्षा बल में तैनात कांस्टेबल ने अपनी लव स्टोरी को सक्सेसफुल बनाने के लिए मंगेतर से सात लाख रूपए ऐंठ लिए। इसके बाद उसे मिलने के लिए बुलाया और गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने शव को इटावा लायन सफारी में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने सनकी आशिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया है कि, वह दूसरी लड़की से प्यार करता था। परिवारवालों ने जबरन मेरी मंगनी करवा दी। इसी के चलते मैंने मंगतेर का कत्ल कर दिया। अब मेरी गर्लफ्रेंड रानी बनकर रहेगी।
इटावा सफारी पार्क के सामने सोमवार की रात एक युवती का शव पुलिस ने बरामद किया गया था। मंगलवार की शव की शिनाख्त अर्चना सिंह (25) पुत्री लल्ला सिंह वैदपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम रायनगर के रूप में हुई। लल्ला सिंह पुलिस लाइन बरेली में हेड कांस्टेबल हैं। मृतका के परिवारवालों ने बताया कि, अर्चना को सोमवार की दोपहर मंगेतर नीलेश पुत्र नेत्रपाल सिंह निवासी नगला अर्जुन, जसवंतनगर ने बातचीत करने को मिलने के लिए बुलाया था। इस पर अर्चना उससे मिलने के लिए दोपहर 12 बजे अपने घर से निकल गई थी।
मृतका के परिवारवालों के मुताबिक, जब अर्चना शाम को घर नहीं लौटी तो उसे फोन किया गया। लेकिन मोबाइल स्वीचऑफ बता रहा है। इसके बाद अर्चना के मंगेतर को फोन किया गया, पर उसका भी मोबाइल बंद था। परिवारवालों ने बताया कि, हमलोगों ने नीलेश के घरवालों को फोन किया। उन्होंने भी कोई ठीक से जवाब नहीं दिया। पूरी रात अर्चना की खोज करते रहे। तभी थाने से फोन आया। हमलोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां अर्चना की लाश हमें मिली।
नीलेश सीमा सुरक्षा बल में जवान है और वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश में तैनात है। दोनों की शादी आगामी नवंबर माह में होने वाली थी। गत 6 जुलाई को शादी तय होने के बाद गोद भराई रस्म हो चुकी थी। सिविल लाइन थाना पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में वजह आरोपित द्वारा किसी अन्य लड़की से शादी करने का फैसला था। उसने परिवारवालों के दबाव में शादी कर ली थी। वह शादी के लिए मंगेतर के पिता से साढ़े सात लाख रुपये भी ले चुका था।
एसएसपी जयप्रकाश के निर्देशन में एसपी सिटी कपिल देव सिंह, सीओ सिटी अमित कुमार सिंह, सिविल लाइन पुलिस ने घटना के महज चंद घंटों के अंदर ही हत्यारोपी नीलेश जाटव गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। साथ ही युवक के परिवारवालों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। साथ ही पुलिस के पास पुख्ता साक्ष्य भी हैं। आरोपी को कोर्ट के जरिए कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी।