अरूणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारत और चीन सैनिकों के बीच खूनी झड़प हुई। इस घटना के बाद भारतीय राजनीति में उबाल है। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर चीन को चेतवानी दी है। अनिल विज का ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल है। अनिल विज ने ट्वीट में लिखा है कि ‘चीनियों होश करो यह 1962 के कमजोर दिल प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का भारत नहीं है, यह 2022 के शेरदिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत है। सोशल मीडिया पर अनिल विज का ट्वीट खूब पसंद किया जा रहा है।
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने चीन को घुड़की देते हुए कहा कि चीन होश में आ जाओ। यह 2022 का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत है। इस लिए अपनी हरकतों से बाज आ जाना चाहिए। बीते 09 दिसंबर को हुई झड़प में भारतीय सैनिकों ने 300 सैनिकों को पीछे धकेल दिया। भारतीय सैनिकों ने अपनी वीरता का परिचय दिया है।
मंगलवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा और राज्यसभा में बयान देकर पूरी घटना से अवगत कराया था। रक्षामंत्री ने सदन में कहा कि चीनी सैनिकों ने एलएसी पर यथास्थिति बदलने के कोशिश की थी। चीन और हमारे सैनिकों के साथ हाथापाई भी हुई थी। भारतीय सैनिकों ने अतिक्रमण करने से रोका, साथ ही उन्हे अपनी पोस्ट पर जाने के लिए मजबूर कर दिया।
अरूणाचल प्रदेश में तवांग सेक्टर में भारतीय सैनिकों और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद सभी राजनीतिक पार्टियां सरकार से जवाब मांग रहीं थीं। विपक्षी पार्टियों का कहना था कि तवांग के मौजूदा हालात क्या हैं। सरकार देश को बताए कि एलएसी पर क्या हालात हैं। विपक्ष ने रक्षामंत्री से संसद में बयान देने की मांग की थी। तवांग में हुई झड़प को लेकर रक्षामंत्री ने लोकसभा और राज्यसभा में बयान देकर मौजूदा हालात से देश को अवगत कराया।