लखनऊ। पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश हो रही है। जिसके चलते सूबे के कई जनपदों में हालात बहुत खराब हो गए हैं। लखनऊ में देररात दीवार गिरने से जहां नौ लोगों की मौत हो गई तो वहीं उन्नाव में भी कच्चा घर गिरने से उसमें दब कर तीन लोग इस दुनिया को छोड़कर चले गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आलाधिकारियों को बाढ़ पीड़ितों को राहत देने के साथ गांव-गली और मोहल्लों में जाकर निरीक्षण क आदेश दिया है। शुक्रवार को मंडलायुक्त रोशन जैकब बारिश से परेशान शहर का निरीक्षण करने निकलीं। उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज जानकीपुरम, राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल व रिवरफ्रंट कॉलोनी आदि स्थानों का निरीक्षण करने के साथ ही जलकल विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लोगों के घरों के अंदर पानी भर रहा है तो गलियां भी लबालब भरी हुई हैं। जिसके कारण लोगों को अनगिनत समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। लखनऊ की मंडालायुक्त रोशन जैकब खुद सड़क पर उतरीं। घुटने तक भरे पानी में वह एक पुलिसकर्मी का हाथ तो दूसरे से चप्पल लेकर सीधे लोगों से रूबरू हुईं। महिला आईएएस अफसर की ये तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो गई।
तस्वीर में वह घुटने तक भरे पानी में एक हाथ से सहारा लेकर व दूसरे हाथ में चप्पल लेकर आगे बढ़ रही हैं। उनके एक सहयोगी ने छाता पकड़ रखा है। लोग उनके सेवा भाव की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि एक अधिकारी को इसी तरह जनता के लिए समर्पित होना चाहिए। सोशल मीडिया में एक यूजर्स ने लिखा कि, मैडम जी शानदार और आपका आभार। वहीं एक अन्य यूजर्स ने लिखा कि देश के कई ब्यूरोकेट्स के रोशन जैकब से सीख लेनी चाहिए।
लखनऊ के कई इलाकों में भारी वर्षा के कारण जलभराव का जायजा लेने निकलीं कमिश्नर रोशन जैकब लखनऊ के स्कूलों के साथ प्राइवेट दफ्तरों को शुक्रवार को बंद रखने का आदेश दे दिया। इसके अलावा नगर निगम के साथ अन्य विभागों के अफसरों को सड़क पर उतर कर बाढ़ पीड़ितों की मदद के आदेश दिए। रोशन जैकब कई लोगों से मिलीं और मौके पर समस्या का निराकरण भी किया।
डॉक्टर रोशन जैकब के जमीनी हकीकत का जायजा लेने के प्रयास के कारण अफसर भी सक्रिय हो गए। तड़के कमिश्नर रोशन जैकब के जलभराव वाले क्षेत्र में पहुंचते ही दूसरे अधिकारी भी मजबूर होकर वहां पहुंचे। उनके साथ नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह भी मौजूद रहे जो नगर निगम की टीम से जलभराव वाले इलाकों में लोगों को राहत पहुंचाने लगे हुए हैं।