राजस्थान सरकार में मंत्री महेश जोशी के बेटे पर जयपुर की युवती से रेप के आरोप में दिल्ली में एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस में इस मुद्दे पर अब विरोधी खेमा भी सक्रिय हो गया है। विरोधी खेमे ने कांग्रेस हाईकमान तक पूरे मामले के दस्तावेज पहुंचा दिए हैं। जिसके बाद कांग्रेस आलाकमान मुख्यमंत्री से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब करने की तैयारी में है।
महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी के खिलाफ ऐसे समय रेप का केस दर्ज हुआ है जब कांग्रेस का उदयपुर में 13 मई से चिंतन शिविर शुरू हो रहा है। नैतिक आधार पर राजस्थान कांग्रेस के लिए ये प्रकरण फजीहत का कारण बन गया है।
यहां बता दें कि मंत्री महेश जोशी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खास हैं। जिस कारण गहलोत का विरोधी खेमा सक्रिय हो गया है। जयपुर की राजनीति में महेश जोशी के विरोधी माने जाने वाले विधायक और नेता इस मुद्दे पर एक्टिव हो गए हैं। विरोधी नेता कांग्रेस के चिंतन शिविर से पहले इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। विरोधी खेमा कांग्रेस आलाकमान तक ये मैसेज पहुंचाने की कोशिश कर रहा है कि चिंतन शिविर से पहले इस प्रकरण से पार्टी की इमेज खराब हुई है। इसलिए इस मुद्दे पर पार्टी को एक्शन लेना चाहिए।
वहीं रोहित जोशी के खिलाफ रेप के मामले की जांच अब दिल्ली पुलिस के हाथ में होने से गिरफ्तारी के आसार बढ़ गए हैं। रोहित जोशी की रेप केस में गिरफ्तारी हुई तो नैतिक आधार पर महेश जोशी पर इस्तीफे का दबाव बढ़ जाएगा। ये कांग्रेस पार्टी के लिए भी परेशानी का कारण बन सकता है। रोहित जोशी के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद महेश जोशी ने सीएम गहलोत से मिलकर चर्चा की। महेश जोशी और उनके समर्थक लगातार डैमेज कंट्रोल में जुटे हुए हैं।
Related posts
- Comments
- Facebook comments