नई दिल्ली। कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी इनदिनों भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। वह पैदल चलकर देश की जनता के बीच जाकर अपनी और पार्टी की विचारधारा से उन्हें अवगत कर रहे हैं। इसबीच राहुल गांधी की कुछ तस्वीरें आई, जिन पर आमजन के अलावा सोशल मीडिया में यूजर्स कमेंट कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि, अब राहुल बदल गए हैं। वह सड़क पर उतरकर खुद को जमीनी नेता साबित करने के लिए तपस्या कर रहे हैं। भारत के लोकतंत्र के लिए ये बहुत सुखद पल है। 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी का बहाया पसीना जरूर रंग लाएगा। पंजे की ताकत बढ़ने के साथ-साथ राहुल गांधी भी जनता में पकड़ मजबूत होगी।
कांग्रेस की पूरी तस्वीर बदल दी है
राहुल गांधी ने महज 40 दिनों के अंदर 1000 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस की पूरी तस्वीर बदल दी है। बेजान हो चुकी पार्टी में अचानक जान फूंक दी है। जो कल तक ढंग से डिफेंस नहीं कर पा रहे थे आज वह अटैकिंग मोड पर आ चुके हैं और सही मायने में अगर कहें राहुल के नए अवतार ने बीजेपी की वाट लगा दी है। राहुल गांधी की लगातार मजबूत होती इमेज बीजेपी के लिए किसी झटके से कम नहीं है। राहुल गांघी का साथ जनता भी दे रही है और उनके साथ पैदल कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। राजनीति के जानकारों का कहना है कि, भारतीय राजनीति के लिए ये बहुत अच्छी पहल है। नेता और जनता के बीच संवाद होना चाहिए। जानकारों का मानना है कि, राहुल गांधी की इमेज में अब बदलेगी। जनता आने वाले वक्त में कांग्रेसी नेता को ज्यादा पसंद करेगी।
दाढ़ी के लुक में नजर आए राहुल गांधी
कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रविंद्र नाथ टैगोर के लुक वाली दाढ़ी और मूंछें खासी चर्चा में थी, तो इन दिनों राहुल गांधी का बीयर्ड लुक जबरदस्त चर्चा में है। राहुल की बढ़ी हुई दाढ़ी और मूंछें पीएम मोदी की करीने दार बढ़ी दाढ़ी से कंपेयर कर बताया जा रहा। कांग्रेस मीडिया सेल भारत जोड़ो यात्रा पर पैनी नजर बनाए हुए है और राहुल गांधी की हर मुवमेंट को कवर करने के साथ उसे वायरल कर रही है। राहुल गांधी की बढ़ी दाड़ी वाला लुक जैसे ही सोशल मीडिया में आया तो यूजर्स जमकर कमेंट कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2024 के चुनाव में टक्कर देने वाले नए नेता का अवतार हो चुका है। बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
बारिश के बीच राहुल गांधी ने दिया भाषण
सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाषण देते दिख रहे हैं। हालांकि इस वीडियो की खास बात यह है कि राहुल गांधी मूसलाधार बारिश के बीच भाषण दे रहे हैं और उनको सुनने वाले भी टस से मस नहीं हुए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 25वें दिन कर्नाटक के मैसूर पहुंची। इस दौरान मैसूर में कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी ने भारी बारिश में जनसभा को संबोधित किया। वीडियो में दिख रहा है कि कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता बारिश में भींगते हुए अपने नेता को सुन रहे हैं। राहुल गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल से इस जनसभा का वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि भारत को एकजुट करने से, हमें कोई नहीं रोक सकता. भारत की आवाज उठाने से, हमें कोई नहीं रोक सकता। कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी. भारत जोड़ो यात्रा को कोई नहीं रोक सकता।
राहुल गांधी ने सोनिया गांधी के जूते बांधे
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 6 अक्टूबर को एक बेहद आत्मीय तस्वीर आई, जब कर्नाटक के मांड्या में इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी पदयात्रा की। जब सोनिया गांधी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं, तब उनके जूते के फीते खुल गए। इसके बाद राहुल गांधी ने फौरन नीचे झुककर अपनी मां के पैर के जूते के फीते बांधे। राहुल गांधी की ये तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। बता दें, सोनिया गांधी भारत जोड़ो यात्रा में करीब 10 मिनट तक पैदल चलीं और इस इस दौरान वो आगे भी चलना चाहती थीं, लेकिन मां की सेहत और उम्र को देखते हुए राहुल गांधी ने उन्हें बीच रास्ते से ही लौटने को कहा। सोशल मीडिया पर यह वीडियो भी वायरल हो रहा है, जब राहुल गांधी अपना मां का हाथ पकड़कर उन्हें वापस लौटने का इशारा करते हैं।
हर-हर मोदी, घर-घर मोदी
दरअसल, 2014 के लोकसभा चुनाव के वक्त कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने के लिए बीजेपी के आईटी सेल ने एक तिलिस्मी कैंपेन बुना। जिसे नाम दिया हर-हर मोदी, घर-घर मोदी। इसी के साथ डिजिटल मीडिया में राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नेगेटिव कैंपेन चलाने की बाढ़ सी आ गई। कांग्रेस के मीडिया सेल की कमजोरी की वजह से यह कैंपेन लोगों की जुबान पर आ गया और आखिरकार 2014 और 2019 में बीजेपी को प्रचंड जीत मिली। 2024 को लेकर भी बीजेपी आईटी सेल एक्टिव है। राहुल गांधी की यात्रा पर बारीकि से नजर भी बनाए हुए है और जब भी मौका मिलता है, तब आईटी सेला कांग्रेसी नेता को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ता।
बीजेपी आईटी सेल से जारी किया वीडियो
रविवार को आईटी सेल ने भारत जोड़ो यात्रा पर निशाना साधने के लिए ट्विटर पर राहुल गांधी का एक ‘एनिमेशन’ वीडियो साझा किया है। बीजेपी ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट पर राहुल का दो मिनट का एक ‘एनिमेशन’ वीडियो साझा किया है, जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को ‘शोले’ फिल्म में (हास्य अभिनेता) असरानी के किरदार में चित्रित किया गया है। वीडियो में, गोवा में कांग्रेस विधायकों के पार्टी छोड़ने, नेताओं के पार्टी छोड़ने और गुलाम नबी आजाद के साथ जाने और राजस्थान में (पार्टी के) अंदरूनी कलह सहित अन्य चीजों पर कटाक्ष किया गया है। बीजेपी ने राहुल और उनकी मां सोनिया गांधी का स्पष्ट रूप से संदर्भ देते हुए ‘एनिमेशन’ के साथ ट्वीट किया, ‘‘मम्मी ये दुःख खतम (खत्म) काहे (क्यों) नहीं होता है? खतम…टाटा…गुडबाय!’
कांग्रेस ने किया पलटवार
बीजेपी के इस कदम पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की सफलता का मुकाबला करने के लिए बीजेपी का नया फार्मूला। हताशा और निराशा के कारण यह एनिमेशन जारी किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘जो वीडियो साझा किया है उसे निंदनीय कहना कम होगा। यात्रा की शुरूआत होने के बाद से ही बीजेपी इस पर तंज कसती रही है, जबकि कांग्रेस ने दावा किया कि वह (बीजेपी) इस पहल की सफलता से घबरा गई है, इसलिए ऐसा कर रही है। बता दें, राहुल गांधी ने 7 सितंबर को कन्याकुमारी से महत्वाकांक्षी भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी और 3750 किलोमीटर पैदल चलने के बाद वो 150 दिन बाद कश्मीर पहुंचेगे।