जलौन। जनपद में कांस्टेबल और होमगार्ड के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नशे में धुत कांस्टेबल, होमगार्ड पर टूट पड़ा। दोनों करीब 30 मिनट तक एक-दूसे पर लाल-घूसों की बरसात करते रहे। इस बीच मारपीट का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फिलहाल, दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
सोशल मीडिया में दो पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो रामपुरा थाना क्षेत्र के जगम्मनपुर का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि कांस्टेबल धर्मवीर सिंह और होमगार्ड सुनील कुमार पहले एक-दूसरे के बाल पकड़ते हैं। फिर गला दबाने लगते हैं। तभी पास में खड़ा एक सिपाही दोनों को छुड़वाने आता है। इस पर सिपाही धर्मवीर उसको धक्का दे देता है। उसके बाद धर्मवीर होमगार्ड सुनील कुमार को लात मारता है। लात मारते ही धर्मवीर भी गिर जाता है।
इसके बाद धर्मवीर उठकर सुनील के ऊपर बैठ जाता है। उसके मुंह पर घूसे और थप्पड़ मारने लगता है। दोनों मारपीट करते-करते जंगल की ओर चले जाते हैं। सड़क से जा रहे राहगीरों ने पुलिसकर्मियों की लड़ाई का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। स्थानीय लोगों के अलावा वीडियो में एक अन्य पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहा है। पुलिसकर्मी, दोनों को छुड़ाने का प्रयास करता है, लेकिन उसे भी धक्का देकर दोनों गिरा देते हैं।
बताया जा रहा है 3 पुलिसकर्मी अपने एरिया में गश्त पर निकले थे। वे जगम्मनपुर के पास गाड़ी रोककर अंदर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी बीच सिपाही धर्मवीर सिंह और होमगार्ड सुनील कुमार में काम को लेकर बहस होने लगी। बहस करते हुए दोनों गाड़ी से बाहर निकल आए। दोनों ने लगभग 10 मिनट तक बहस और गाली-गलौज किया। उसके बाद झगड़े पर उतर आए।
डायल 112 की गाड़ी यूपी-32-डीजी-1606 में सिपाही धर्मवीर सिंह और होमगार्ड सुनील कुमार एक साथ तैनात थे। वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी है। होमगार्ड की रिपोर्ट कमांडेंट को दी है। मामला 28 अगस्त का बताया जा रहा है।
मामले में एसपी रवि कुमार ने कहा, “वीडियो रामपुरा थाना क्षेत्र के जगम्मनपुर का है। दोनों का मेडिकल भी कराया गया था। इसमें होमगार्ड सुनील के मेडिकल में अल्कोहल पाया गया था, जबकि सिपाही धर्मवीर की रिपोर्ट में अल्कोहल नहीं मिला था। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं सुनील ने बताया, पीआरबी की गाड़ी चलाने को लेकर सिपाही और उसमें विवाद हुआ था।
मामले पर होमबार्छ सुनील ने बताया, “हमेशा पीआरवी की गाड़ी वही चलाता था। 28 अगस्त को गश्त के दौरान सिपाही धर्मवीर सिंह ने गाड़ी चलाने की बात कही। मैंने ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने मुझे गाड़ी से उतार कर मारपीट शुरू कर दी। कांस्टेबल शराब के नशे में था। सुनील का आरोप है कि, उसे एक दरोगा का सरंक्षण मिला हुआ है। वह आएदिन शराब के नशे में पब्लिक के साथ होमगार्ड के जवानों के साथ अभ्रदता करता है।