जोधपुर। शहर में सोमवार से चल रहा विवाद अब धीरे-धीरे शांत होने लगा है। हालांकि प्रशासन ने जोधपुर शहर के 10 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू की मियाद 2 दिन और बढ़ाकर 6 मई रात 12 बजे तक कर दी है। इंटरनेट बंदी भी अगले आदेश तक बंद रहेगी। वहीं, बुधवार देर रात तक खुली कमिश्नरेट कोर्ट ने 60 लोगों को जमानत दे दी है।
इस बीच शहर में स्थानीय लोगों ने एक पहल करते हुए दोनों समुदाय की बैठक बुलाई। बैठक में दोनों समुदाय के लोगों के बीच शांति बनाए रखने को लेकर सहमति बनी। उधर, प्रशासन ने निर्दोष लोगों को छोड़ने का आश्वासन दिया जिसके बाद बीजेपी ने गुरुवार से शुरू होने वाले धरने और अनशन को रद्द कर दिया है।
यहां बता दें कि सोमवार रात जालोरी गेट चौराहे पर स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद बिस्सा की प्रतिमा पर झंडा लगाने और प्रतिमा को ढकने को लेकर दो समुदायों में विवाद हो गया था। मंगलवार को ये विवाद हिंसा में तब्दील हो गया। इसके बाद से शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया था।