कानपुर। उपद्रवी शहर को आग में झोंकने पर तुले थे। आलाधिकारी, पुलिसबल के साथ उनका मुकाबला करने में जुटे थे, पर अमन के दुश्मन अलग-अलग छोर से पथराव कर पुलिस बल को चकरघिन्नी बनाए हुए थे। पुलिस बल एक तरफ उन्हें खदेड़ता तो दूसरी ओर से पथराव शुरू हो जाता। दोनों गलियों की दिशाएं अलग-अलग और दोनों के बीच की दूरी भी अधिक थी। ऐसे में पुलिस पर उपद्रवी भारी पड़ रहे थे। करीब तीन बजे पेंचबाग वाली गली से बाहर निकले उपद्रवियों ने चंद्रेश्वर हाता की ओर पहुंच कर पथराव शुरू कर दिया। शोर सुनकर जीप लेकर उद्धघोषणा कर रहा चौकी की जीप चालक ने जान का जोखिम लेकर गाड़ी से उपद्रवियों को दौड़ा लिया। खदेड़ते हुए वह उन्हें गली के अंदर तक ले गया। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव किया। इस दौरान चालक पुलिसकर्मी घायल भी हो गया।
जुमे की नमाज के बाद शुक्रवार को कानपुर की नईसड़क समेत कई इलाकों में हिंसा भड़क गई। उपद्रवियों ने पथराव के साथ फायरिंग की। इस दौरान आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। उपद्रवियों को रोकने के लिए पुलिस गलियों के अंदर जाती तो दूसरी सकरी गली से पथराव शुरू हो जाता। नई सड़क पर अलग-अलग गलियों में लगातार घर की छतों और अंदर की गलियों ने पथराव किया जा रहा था। तभी संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी पुलिस बल के साथ चंद्रेश्वर हाते में लाउड होल्डर लेकर घुसे थे। गली में काफी अंदर जाकर एक ट्रांसफार्मर के पास पुलिस बल रुका तो मुंह में कपड़ा बांधे उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
मोहल्ले के कुछ बुजुर्गों के समझाने के बाद कुछ देर के लिए भीड़ पीछे हटी तो पुलिस बल नई सड़क पर निकल कर सड़क की दूसरी पट्टी में मस्जिद के आगे की गली में जा रही थी। इसी बीच पेंचबाग से निकले उपद्रवियों ने चंद्रेश्वर हाते की ओर पथराव कर दिया। इस पर जीप से भीड़ को घरों में अंदर जाने, खिड़की और दरवाजे बंद रखने की उद्घोषणा कर रहे सद्भावना चौकी की जीप के चालक मुस्तुफा खां कुछ ही दूरी पर थे। उन्होंने चौराहे से गाड़ी दौड़ा दी और अकेले उपद्रवियों से मोर्चा लेते हुए उन्हें पेंचबाग की गली तक दौड़ाया। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस जीप पर भी ईंट पत्थर चलाए। उसके बाद बैकअप फोर्स पहुंचा और अश्रु गैस के गोले चलाए जिसके बाद भीड़ भागी।
हिंसा के बाद पुलिस और पीएसी के जवान गलियों के अंदर दाखिल हुए। 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया। बेकनगंज पुलिस ने 40 नामजद और 1 हजार अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने हिसा के मास्टरमाइंड हयात जफर हाशमी को दबोच लिया है। हालांकि कानपुर कमिश्नरेट के अधिकारी अभी उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हयात जफर हाशमी ने लोगों को भड़काया। जिसके बाद लोग उग्र हो गए। पुलिस ने सभी पर गंभीर धाराएं लगाई हैं।