लखीमपुर। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र स्थित एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां युवक ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ की। मां की जब नजर मनचले की हरकतों में पड़ी तो वह आगबबूला हो गई। उसने घर पर रखी चाकू से वार कर मनचले का गुप्तांग काट डाला। चीक पुकार सुन स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला करीब दो वर्षों से अपने दो बच्चों के साथ महेवागंज में किराए पर रहती थी। उसके पति ने दूसरी शादी कर ली थी और वह कहीं बाहर रह रहा है। मकान मालिक ने महिला से घर खाली करवा लिया। महिला कस्बे की हरियाली बाजार के पास एक पौध नर्सरी में करीब छह माह से काम कर रही है। वह रात में भी बच्चों के साथ वहीं रहती है। महिला का आरोप है कि, एक युवक उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। इसी के चलते उसने मनचले का गुप्तांग काट डाला।
ग्रामीणों का कहना है कि महिला के कुछ लोगों के साथ अवैध संबंध भी हैं। बीती रात महिला से मिलने शहर के मुहल्ला शिव कालोनी निवासी एक व्यक्ति आया था। ग्रामीणों के मुताबिक, महिला और वह व्यक्ति दोनों आपस में रिश्तेदार भी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि, महिला और व्यक्ति के बीच कुछ विवाद हो गया। महिला ने गुस्से में आकर उस व्यक्ति का गुप्तांग काट दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि, महिला का अक्सर लोगों से विवाद होता रहता है। जिस व्यक्ति पर महिला ने हमला किया है, वह अक्सर उसके झार आता था। वहीं पूरे प्रकरण पर शहर कोतवाल चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि महिला ने बेटी के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।