फिरोजबाद। यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को जनपद के दौरे पर थे। वह सरकारी ट्रोमा सेंटर का निरीक्षण कर रहे थे, तभी नंदी नाम का एक शख्स शिकायत के साथ उनके साथ सामने खड़ा हो गया और स्वस्थ्य विभाग की पूरी डर्टी पिक्चर बयां कर दी। पीड़ित ने कहा कि, ‘सरकार’ नसबंदी के बाद पत्नी फिर गर्भवती हो गई। पहले से हमारे चार बच्चे हैं। डॉक्टर्स ने गलत ऑपरेशन किया। मुआवजा के लिए उसने सीएमओ आफिस में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। जिस पर उपमुख्यमंत्री ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को फिरोजाबाद पहुंचे। इस मौके पर वह सबसे पहले आलाधिकारियों के साथ बैठक की। बीजेपी पदाधिकारियों के साथ मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री का काफिला सीधे सरकारी ट्रोमा सेंटर पहुंचा। उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां शिकायत लेकर आए नंदू नाम के शख्स ने कहा कि उसके पास चार बच्चे हैं। फरवरी में उसने पत्नी की सरकारी अस्पताल में नसबंदी कराई थी। इसके बाद उसकी पत्नी फिर से गर्भवती हो गई है।
नंदू ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि, मुआवजा के लिए उसने सीएमओ आफिस में प्रार्थना पत्र देने के साथ ही कागजी कार्रवाई को पूरा कर दिया है। इसके बाद भी उसे न्याय नहीं मिल पा रहा। मुआवजे के लिए वह पिछले पांच माह से अस्पताल के चक्कर लगा रहा है। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। जिस पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उसकी शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को निर्देश दिए कि वे पीड़ित की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल कराएं, जिससे उसे भटकना न पड़े।
ट्रामा के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने टूंडला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व उसायनी पंचायत घर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ को पर्याप्त दवाएं रखने के आदेश दिए। उन्होंने सीएचसी का निरीक्षण करने करते हुए अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती के बारे में जानकारी ली। इसके उपरांत उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा। इस दौरान उन्होंने प्रसूताओं को 48 घंटे से पहले अस्पताल से छुट्टी न देने की बात कही, साथ ही उन्हें पौष्टिक आहार देने के आदेश दिए।
अस्पतालों में दवाएं न मिलने के बारे में उपमुख्यमंत्री कहा कि हमारा संकल्प फिरोजाबाद को श्रेष्ठ बनाना है। हर व्यक्ति को उच्चकोटि का इलाज देना हमारा धर्म है। जनपद के अस्पतालों में जितनी दवाएं होनी चाहिए वो नहीं रखी जा रही हैं। उन्होंने सीएमओ दिनेश प्रेमी को भरपूर दवाएं अस्पताल में रखने के निर्देश दिए। इससे पूर्व उन्होंने गांव उसायनी स्थित पंचायत घर का भी निरीक्षण किया। उसायनी में उपमुख्यमंत्री सीधे ग्रामीणों से मिले। सरकार की योजनाएं उन तक पहुंच रहीं है कि नहीं, इसकी पूरी जानकारी ली। साथ ही जिला प्रशासन को आदेश दिए कि, हर फरियादी की समस्या को लटकाए बिना तत्काल उसका समाधान करें।