नेपाल की तारा एयरलाइंस के लापता हुए विमान के क्रैश होने की पुष्टि हो गई है। नेपाल आर्मी की सर्च एंड रेस्क्यू टीम को मुस्तांग के सैनोसवेयर इलाके की पहाड़ी पर प्लेन का मलबा मिला है। आर्मी ने इसकी तस्वीर भी जारी की हैं। विमान में 4 भारतीय और 3 क्रू मेंबर सहित 22 लोग सवार थे।
यहां बता दें कि प्लेन ने रविवार सुबह 9:55 बजे पोखरा से जोमसोम के लिए उड़ान भरी थी। इसे 10:20 बजे लैंड करना था, इससे पहले ही एयर ट्रैफिक कंट्रोलर से प्लेन का संपर्क टूट गया था।
नेपाल आर्मी ने पहले ये जानकारी दी थी कि स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया है कि लाम्छी नदी के किनारे प्लेन का मलबा पड़ा है। ये मुस्तांग जिले के मानापती हिमाल क्षेत्र की नदी है।
मोबाइल लोकेशन से मिली जानकारी
सिविल एविएशन अथॉरिटी ऑफ नेपाल (CAAN) के मुताबिक- प्लेन के एक कैप्टन का मोबाइल फोन चालू था। उसकी लोकेशन को जब ट्रेस किया गया तो एयरक्राफ्ट की भी लोकेशन मिल गई। हालांकि, स्पॉट पर पहुंचने की तमाम कोशिशें खराब मौसम की वजह से नाकाम हो गईं।