गाजियाबाद के एक होटल में चार मई की रात महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त होटल के मालिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुलासा किया कि हत्या से कुछ घंटे पहले ही अलीगढ़ की महिला की दोस्ती हत्या के आरोपी से हुई थी और दोनों सहमति से होटल पहुंचे थे।
यहां आरोपी ने महिला से जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। इसमें कामयाब नहीं होने उसने महिला प्रियंका सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी। होटल वालों ने आरोपी को बचाने के लिए कुछ सुबूत मौके से हटा दिए थे, इसलिए वो भी आरोपी बनाए गए हैं।
पुलिस के मताबिक बजरिया चौकी क्षेत्र के आर्यदीप होटल के कमरे में पांच मई की सुबह एक महिला की लाश पड़ी मिली। उसकी शिनाख्त प्रियंका सिंह पत्नी व्यापारी सिंह के रूप में हुई। वो जिला अलीगढ़ के थाना गांधी पार्क क्षेत्र की रहने वाली थी। पता चला कि ये महिला 4 मई की रात करीब 11.25 बजे होटल में एक युवक के साथ आई थी।
होटल कर्मियों ने महिला की ID पर कमरा बुक किया और साथ आए व्यक्ति का नाम रजिस्टर में सतीश दर्ज किया। SP ने बताया कि इस केस में होटल मालिक रविंद्र यादव, होटल मैनेजर विजय यादव और सफाईकर्मी अच्छेलाल और नौशाद खान को शनिवार रात गिरफ्तार किया गया है।
नौशाद की प्रियंका से मुलाकात 4 मई की रात गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर हुई थी। दोनों सहमति से नाइट स्टे के लिए 4 मई की रात इस होटल में आ गए। पुलिस के मुताबिक आरोपी नौशाद ने महिला से शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा। इसमें असफल होने पर उसने महिला की हत्या कर दी और उसके दोनों मोबाइलों को साथ ले गया।
होटल मालिक और कर्मचारियों को रात में ही इस वारदात की जानकारी लग गई थी, मगर, उन्होंने आरोपी को बचाने के लिए उसका नाम नौशाद की जगह सतीश दर्ज किया। रजिस्टर में नौशाद का मोबाइल नंबर भी गलत लिखा गया। होटल स्टाफ ने नौशाद की कोई ID भी पुलिस को नहीं दी। साक्ष्य छुपाने के आरोप में होटल मालिक समेत तीन कर्मचारियों को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।