ग्रेटर नोएडा। दादरी क्षेत्र स्थित एक हैरतअंगेज वारदात सामने आई है। यहां के बड़पुरा गांव निवासी युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर एक लड़की का अपहरण कर उसकी बेरमही से हत्या कर दी। किलर लेडी ने ये मर्डर अपने पिता का बदला लेने के लिए की। उसने अपने को पहले खुद को मरा घोषित किया। इसके बाद लड़की को अगवा किया। अपने कपड़े उसे पहनाए और फिर उसका कत्ल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपित पायल भाटी ने जिस लड़की की हत्या की है, उसको अपने कपड़े पहना दिए थे। पायल ने ऐसा इसलिए किया था जिससे पुलिस उन्हें मरा समझे और वह इस संगीन जुर्म से बच निकले। पायल के माता-पिता ने करीब 6 महीने पहले कर्ज से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। जिन लोगों से तंग आकर पायल के माता-पिता ने आत्महत्या की थी, उनसे बदला लेने के लिए पायल ने यह पूरा मौत का स्वांग रचा।
अपहरण के बाद मार दी जाने वाली हेमा चौधरी ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी मॉल के वैन हुसेन शोरूम में नौकरी करती थी। पहचान न हो सके इसलिए हेमा की हत्या करने के बाद उसके चेहरे को गर्म सरसों के तेल से जला दिया था। हैरानी की बात यह है कि पायल भाटी के घरवालों ने हेमा के शव को पायल का समझकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया और 21 नवंबर को तेरहवीं भी कर दी। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि हेमा का अपहरण 12 नवंबर की रात किया गया था।
आरोपित पायल भाटी ने पुरुष मित्र अजय ठाकुर के साथ 19 नवंबर को आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। अजय ठाकुर दो बच्चों का पिता है। वह मूल रूप से बुलंदशहर के सिकंदराबाद का रहने वाला है। अजय और पायल दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। हेमा की हत्या के वक्त अजय भी पायल के साथ मौजूद था।