उत्तर भारत शीत लहर की चपेट में है। बर्फीली हवाओं ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुरूवार सुबह की शुरूआत घने कोहरे के साथ हुई। यूपी, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब समेत कई राज्यों में सूर्य के दर्शन नहीं हुए हैं। उत्तर पश्चिमी दिशाओं से आने वाली बर्फीली हवाओं की वजह से रात के साथ ही दिन का भी पारा नीचे चला गया है। जगह-जगह पर आलाव तापते हुए लोग देखे जा रही हैं।
दिल्ली के सफदरजंग में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि भारत के उत्तर पश्चिमी और मध्य व पूर्वी भारत में अगले दो-तीन घंटों में बहुत घना से लेकर घना कोहरा छा सकता है। विजीबिलिटी की बात करें तो दिल्ली के पालम में यह 25 मीटर तो सफदरजंग में 50 मीटर रिकॉर्ड किया गया।
ठंड का हाल देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट ने अपने सभी यात्रियों को भी अलर्ट कर दिया है। एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि अभी तो सभी उड़ाने सुचारू रूप से चल रही हैं। लेकिन आने वाले समय में विजीबिलिटी कम होने के चलते उड़ानों में देरी हो सकती है। सोमवार और मंगलवार के बीच करीब 100 उड़ानें देरी से संचालित हुईं थीं। वहीं कुछ रूट डायवर्ट किया गया है।
मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक दिल्ली सहित एनसीआर क्षेत्र में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। वहीं विभाग ने सात जनवरी तक शीतलहर चलने व सर्द दिन रहने का रेड अलर्ट जारी किया है।