कोटा। राजस्थान के बूंदी पुलिस ने बीते दिनों तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने लाखेरी कस्बे में व्यापारी पर दिनदहाड़े फायरिंग की थी। जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। सीसीटीवी फुटेज की मदत से शातिरों को पुलिस ने दबोचा था। कोर्ट से रिमांड में लेकर उन्हें घटनास्थल का सत्यापन करवाने निकली। सड़क पर पैदल चलने के दौरान आरोपी नारे लगाते हुए कह रहे थे कि, गोली चलाना पाप है, पुलिस हमारी बाप है। इस मंजर को देखने के लिए दुकानदार बाहर निकल आए। आरोपियों को करीब 400 मीटर दूरी तक पैदल ले जाया गया। पुलिस के इस एक्शन से स्थानीय लोग गदगद दिखे।
क्या है पूरा मामला
लाखेरी के व्यापारी मनप्रीत साहनी पुत्र प्रीतम सिंह बीते रविवार को दुकान की सफाई कर रहे थे। तभी पल्सर बाइक पर बड़ौदा बैंक की तरफ से 2 व्यक्ति आए। उन्होंने आते ही गोली चला दी। गोली मनप्रीत की बाईं जांघ पर लगी। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस की मदद से परिवारवाले घायल मनप्रीत को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की धड़पकड़ के लिए जांच-पड़ताल शुरू की।
सीसीटीवी के जरिए चढ़े पुलिस के हत्थे
थानाधिकारी धर्माराम चौधरी ने बताया कि, गोली चलाने वाले आरोपी बाइक से आए थे। दोनो के मुंह पर कोई कपड़ा नहीं था। वारदात के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में उनकी तस्वीर कैद हो गई थी। जांच के सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट से रिमांड पर लेकर उन्हें घटनास्थल पर ले जाया गया। इस दौरान उन्होंने दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का ऐलान किया।
इस वजह से चलाई गोली
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि, 15-20 दिन पहले अमन उर्फ लबरेज की मनप्रीत से दुकान पर कपड़ा खरीदने को लेकर कहासुनी हुई थी। इस बात पर कुख्यात बदमाश अमन उर्फ लबरेज और साथियों ने भय पैदा करने के लिए फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास, लूट, अवैध शराब, अवैध हथियार रखने सहित कई मामले कोटा के कई थानों में केस दर्ज हैं। घटना में शामिल प्रिंस उर्फ बच्चा तिवारी निवासी कोटा फरार चल रहा है। जिसकी गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।
गैंगवार में शामिल रहा है अपराधी
थानाधिकारी धर्माराम चौधरी ने बताया कि, एक आरोपी अमन उर्फ लबरेज कोटा शहर के गुमानपुरा में भी फायरिंग के मामले में फरार चल रहा था। अमन ने पूछताछ में बताया कि, उसने घंटाघर थाना मकबरा कोटा शहर में भी फायरिंग कर हमला करने की योजना बनाई थी। यशवंत उर्फ राजा थाना कोटा शहर में भी जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहा हैं। ये कुख्यात अपराधी कोटा में विभिन्न गैंगवार में शामिल रहे हैं।
इन्हें किया गया गिरफ्तार
बूंदी पुलिस की टीम ने आरोपी अमन खान उर्फ लबरेज पुत्र अब्दुल सलीम उम्र 20 साल निवासी गांधीपुरा बूंदी, हिस्ट्रीशीटर यशवंत उर्फ राजा पुत्र महावीर केवट उम्र 23 साल निवासी कोटा और शहजाद उर्फ मोस्टर लबरेज पुत्र मिर्जा महफूज उम्र 23 साल निवासी सब्जी मंडी के सामने जयपुर को गिरफ्तार किया है। मामले में चौथा आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर है, जिसकी तलाश की जा रही है।