Auraiya: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा औरैया पहुंची। जिले की सीमा से लेकर शहर के सुभाष चौराहे पर प्रसपाईयों ने पुष्पवर्षा के साथ यात्रा का स्वागत किया। जिले की सीमा अनंतराम टोल प्लाजा से यात्रा के स्वागत का सिलसिला शुरु हुआ। यात्रा गुरुवार की देरशाम लगभग नौ बजे सुभाष चौराहे पर पहुंची। जहां यात्रा लेकर आए राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए समान विचारधारा वाले दलों को गठबंधन के लिए एक मंच पर आना होगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से प्रदेश में सरकार बनी है, कोई भी निर्णय जनता के हित में नहीं रहा है। हर वर्ग परेशान है और किसानों का तो बुरा हाल है। प्रदेश में अपराध तेजी से बढ़े हैं। जिन पर नियंत्रण लगाने में सरकार विफल रहा है। जनता के हित में सत्ता परिवर्तन के लिए सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा निकाली जा रही है। यात्रा को जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है। इस दौरान प्रदेश महासचिव रघुराज सिंह शाक्य भी मौजूद रहे। यात्रा लेकर आए आदित्य ने सुभाष चौराहे पर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इससे पहले प्रसपाईयों ने उनका 21 किलो की फूलों की माला, पगड़ी और फरसा आदि भेंटकर स्वागत किया। इस मौके पर डॉ रत्नेश पाठक, शुभम मिश्रा विश्वनाथ सिंह सेंगर, जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह उर्फ कल्लू यादव, प्रमुख महासचिव अनूप कुमार गुप्ता, सुधाकर त्रिपाठी, अभिषेक यादव, प्रिंस यादव, अतुल यादव, रजत वर्मा, रज्जन तिवारी, अनिल तिवारी, हिमांशु और शैलेंद्र गुप्ता आदि लोगों ने स्वागत किया।
Related posts
- Comments
- Facebook comments