यूपी विधानसभा चुनाव की सियासी हलचल के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भांजे भूपिंदर सिंह उर्फ हनी की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अवैध रेत खनन को लेकर गिरफ्तार किए गए भूपेंद्र सिंह हनी की न्यायिक हिरासत 10 मार्च तक बढ़ा दी गई है।
आपको बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के हनी साली के बेटे हैं। ईडी ने 12 जनवरी को भूपेंद्र सिंह हनी के मोहाली स्थित आवास पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान ईडी ने करीब 8 करोड़ रुपये बरामद किए थे। इसी के साथ ही हनी के दोस्त के घर से भी दो करोड़ रुपये जब्त किए गए थे। हनी अवैध बालू खनन मामले में जांच शुरू होने के बाद से ईडी की हिरासत में है। मामले में हनी को तीन फरवरी की रात ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था।
हनी तीन फरवरी को ईडी के समक्ष पेश होने के लिए आया था। यहीं से उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद 4 फरवरी को हनी को अदालत में पेश किया गया। अदालत में ईडी को हनी का चार दिन का रिमांड मिला। आठ फरवरी को एक बार फिर हनी को अदालत में पेश किया गया। हनी को फिर से तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड खत्म होने पर 11 फरवरी को उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। ईडी की छापेमारी में भूपेंद्र सिंह हनी और उसके साथियों के ठिकानों से करोड़ों रुपये और महंगा सामान बरामद हुआ था।