Weather Forecast: उत्तर और मध्य भारत में कुछ दिन पहले हुई बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली थी। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आंधी-तूफान और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। हालांकि, अब यहां मौसम ने करवट ले ली है और उत्तर भारत के कई राज्यों में फिर से हीट वेव का असर दिखने लगा है। स्तिथि ये है कि राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तापमान फिर से 40 डिग्री के पार चला गया है। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजस्थान, दक्षिणी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में अगले दो से तीन दिन तक लू का प्रकोप रहेगा।
दिल्ली में टूटा पांच साल का रिकॉर्ड
दिल्ली में बीते 24 घंटों में सूरज ने आसमान से मानो आग बरसाई है। दिनभर लू के थपेड़ों के साथ दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया।
उत्तराखंड में पारा 40 पार
हल्द्वानी में सूरज की तपिश से जून के पहले सप्ताह में ही तापमान रिकॉर्ड 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इससे पहले 22 जून 2018 को तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। गर्मी से झुलस रहे लोगों को अभी कुछ दिन और राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक सात जून तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
हिमाचल में टूटा 13 साल का रिकॉर्ड
मैदानी राज्यों के साथ अब हिमाचल प्रदेश के पहाड़ भी तपने लगे हैं। चार दिन और प्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं। कांगड़ा जिले के धर्मशाला में तो गर्मी ने पिछले 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां पारा 37 डिग्री पहुंच गया है। ऊना जिले के लोग भी 44 डिग्री सेल्सियस गर्मी का टॉर्चर सहने के लिए बेबस हैं।
यहां मानसून पहुंचाएगा राहत
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, असम, मेघायल, अरुणाचल, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा केरल, लक्ष्यद्वीप, जम्मू-कश्मीर, झारखंड में भी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु में भी थोड़ी बहुत बारिश हो सकती है।