रूस और यूक्रेन के बीच लगातार हो रही जंग को आज पूरे 26 दिन हो गये हैं। इस दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर ने कहा है कि वे रूस के साथ वार्ता और आपसी सहमति के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी है कि यदि रूस के साथ बातचीत बेकार होती है तो तीसरा विश्व युद्ध छिड़ सकता है। वहीं, यूक्रेन में मारे गए भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा का पार्थिव शरीर बेंगलुरू पहुंच गया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हवाई अड्डे पहुंचकर पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं, रूसी सेना की बमबारी के दौरान सूमी के एक केमिकल प्लांट में अमोनिया लीकेज हो गया है। इसके बाद प्लांट के पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को यहां से सुरक्षित जगह जाने के लिए कहा गया है। आपको बता दें कि अमोनिया गैस बेहद खतरनाक होती है। इसका रिसाव इंसान की जान तक ले सकता है। अमोनिया गैस के रिसाव से आंखों में जलन की समस्या होती है। इसके साथ ही यदि ये सांस के साथ शरीर के अंदर चली जाती है तो इंसान के फैफड़ों को खराब कर देती है इसी बीच रूस के सैनिकों ने रविवार रात को कीव के एक शॉपिंग मॉल पर एयर स्ट्राइक कर दी। इसमें 6 लोगों की जान चली गई। वहीं, मॉल के मलबे से यूक्रेनी इमरजेंसी सर्विस ने एक आदमी को जिंदा निकाला है।
दूसरी तरफ, मारियुपोल शहर पर फाइनल कब्जे के लिए रूस की तरफ से दी गई सरेंडर की डेडलाइन खत्म हो गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, रूस ने रविवार रात को मारियुपोल एडमिनिस्ट्रेशन को सरेंडर के लिए मॉस्को के समय के हिसाब से सुबह 5 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजे) की डेडलाइन दी थी। हालांकि, यूक्रेन ने सरेंडर के इस प्रस्ताव को पहले ही ठुकरा दिया है।