मेरठ। शहर की सड़क पर बुधवार देर शाम उस वक्त तमाशा हो गया जब स्कूटी सवार मां-बेटी पुलिस से भिड़ गईं। दोनों ने दरोगा के साथ पुलिसकर्मियों की चप्पलों से पिटाई कर दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पर काबू पाया। पूरे प्रकरण का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। एसपी सिटी के आदेश पर पुलिस ने मां-बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दरअसल, एक महिला और उसकी बेटी रॉन्ग साइड से स्कूटी निकालना चाह रही थीं। जिसपर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने पुलिसवालों पर ही चप्पलें बरसा दीं। गाली-गलौज करते हुए खूब हाथापाई भी की। महिला कांस्टेबल के अलावा मौके पर मौजूद दरोगा को भी इन महिलाओं ने चप्पलों से पीटा। इसी दौरान वहां खड़े किसी शख्स ने घटना का वीडियो बना लिया। बाद में एसपी सिटी के निर्देश पर पुलिस ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। घटना शहर के बुढ़ाना गेट पुलिस चौकी के पास हुई।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे महिला सिपाही को आरोपी महिला ने कई बार धक्के देकर पीछे हटाया। इस दौरान वहां मौजूद सिपाही और दरोगा अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। आरोपी महिला ने महिला सिपाही को धक्के देकर चप्पल भी मारी। जब दूसरे पुलिसकर्मियों ने बचाव किया, तो आरोपी महिला ने गाली-गलौज करते हुए दरोगा को भी चप्पल मार दी।