रांची। बीजेपी ने निकाली गई नूपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित बयान को लेकर शुक्रवार को रांची में जुमे की नमाज के बाद हिंसा भड़क गई। उपद्रवियों ने जमकर पथराव किया। पुलिस ने जब रोकने का प्रयास किया तो फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एसएसपी समेत कई पुलिसकर्मी उपद्रवियों की गोली से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पूरे इलाके में कर्फ्यू लगाने के साथ ही दो दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है।
शुक्रवार को रांची में जुमे की नमाज के बाद मेन रोड में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नारेबाजी की। इसके बाद अचानक पथराव शुरू हो गया। इतना ही नहीं बेकाबू भीड़ ने पुलिस को निशाना बनाया, साथ ही आसपास की दुकानों और एक धार्मिक स्थल पर भी पत्थर फेंके। कुछ लोगों ने वाहनों में आग लगाई, तोड़फोड़ और पथराव किया। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई राउंड हवाई फायरिंग एवं उग्र प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज किया गया। उपद्रवियों की तरफ से भी फायरिंग हुई। पथराव और लाठीचार्ज में एक दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं।
हालात को नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स और बड़ी तादाद में पुलिसकर्मियों को बुलाया गया हैं। इस तनावपूर्ण स्थिति के चलते मेन रोड में लगभग तीन किलोमीटर के दायरे में सभी दुकानें बंद हो गयी हैं। डोरंडा इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है। पुलिस के अलावा अर्धसैनिकबल के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। उपद्रवियों पर द्रोन के जरिए भी नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर है।
बता दें कि, नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी कर दी थी, जिसे लेकर लगातार बवाल का दौर जारी है। बताया जा रहा है कि, शुक्रवार को रांची शहर में मुस्लिम समाज के लोगों ने नुपुर शर्मा और नवीन जिंदल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दुकानें बंद रखीं और शहर का डेली मार्केट तो आज सुबह से ही पूरी तरह बंद था, दो बजे की नमाज के बाद हजारों लोग नारे लगाते हुए अचानक मेन रोड पर उतर आये और भगदड़ मच गई।