आगरा। जनपद के अकोला ब्लॉक की मनकेड़ा ग्राम पंचायत निवासी रजत चाहर के पीछे एक कोबरा सांप पड़ा हुआ है। पिछले 10 दिनों में सांप ने युवक को पांच पर डंसा है। समय से इलाज मिल जाने के चलते पीड़ित की जान बच गई। अब अपने लाडले को काल से बचाने के लिए दादा कुंवर सेन चाहर का परिवार मां गंगा के शरण में पहुंच गया है।
क्या है पूरा मामला
मनखेड़ा निवासी रजत स्नातक का छात्र है। छात्र के परिवारवालों ने बताया कि, वह बहुत सीधा साधा है। पर पिछले 10 दिनों से उसके पीछे एक सांप पड़ा है। अगर रजत घर पर होता है तो सांप अचानक प्रकट हो जाता है और उसे डंस लेता है। रजत के परिवारवाले दूसरे गांव लेकर गए, लेकिन रहस्यमी सांप वहां भी पहुंच गया और उसे डंस लिया। रजत को बचाने के लिए परिवारवाले 24 घंटे जग कर निगरानी करते हैं। उसे घर के बाहर नहीं जाने दिया जा रहा था। परिवारवालों ने बताया कि, आखरी बार रजत को सांप ने 14 सितंबर को डसा था।
पीड़ित परिवार अपने कुल गुरु से मिला
जिसके बाद पीड़ित परिवार अपने कुल गुरु से मिला। परिवार को बताया गया कि उनके बेटे पर पितृ दोष है, जिसकी वजह से उनके सामने यह समस्या बनी हुई है। गंगा स्नान करें तो इस परेशानी से निजात मिल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए परिवार सोरों जी घाट और मां गंगा के चरणो में अपने लाडले रजत के जीवन को बचाने के लिए स्नान करने के लिए पहुंच गया। रजत के साथ उसके दादा कुंवर सेन चाहर, सोबरन सिंह, राजेंद्र सिंह, मांगेलाल, शिवकुमार कुलदीप सिंह, अजीत चाहर भी हैं।
बाएं पैर में ही सांप बार-बार डस रहा
रजत को सांप डसने की चर्चा आसपास गांवों तक पहुंच चुकी है। परिवार उसका लगातार इलाज करा रहा है। स्वास्थ्य की दृष्टि से उसे राहत है, लेकिन डर बना हुआ है। रजत के पिता राम कुमार चाहर ने बताया कि बेटे के बाएं पैर में ही सांप बार-बार डस रहा है। राम कुमार चाहर ने बताया कि 6 सितंबर को रजत रात 9 बजे घर के बाहर टहल रहा था। उसी समय बाएं पैर में सांप ने डस लिया। रजत चिल्लाया, उसने सांप को भागते देखा। देसी इलाज कराते हुए दवा दे दी। बाद में उसे एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे तो वहां बताया गया कि सर्पदंश के लक्षण नहीं हैं। 4 घंटे बाद उसे घर भेज दिया गया।
बाईगिरों से इलाज कराया
पिता ने बताया कि इसी बीच 8 सितंबर की शाम रजत घर के बाहर बाथरूम में पहुंचा तो उसी जगह सांप ने फिर डस लिया। इलाज के लिए आगरा-ग्वालियर रोड स्थित गांव मुबारकपुर लेकर पहुंचे। वहां बाईगिरों से इलाज कराया। इसके बाद 11 सितंबर को घर के अंदर कमरे में, 13 सितंबर को बाथरूम में डस लिया। युवक का इलाज बाईगिरों से इलाज कराया जा रहा है। पिता ने बताया कि देर रात 14 सितंबर को भी बेटे को जूते पहनने वाली जगह सांप ने डसा। हालांकि उसका स्वास्थ्य ठीक है।