उन्नाव: यूपी के उन्नाव से एक हैरान करने वाला मामला प्रकाश में आया है। बीते गुरूवार को एक सिगरेट की वजह से बारात को बैरंग लौटना पड़ा। जयमाल के बाद दूल्हा दोस्तों के साथ सिगरेट पीते हुए, धुंए का छल्ला बना रहा था। दूल्हे की इस करतूत को देखते ही दूल्हन भड़क गई। उसने शादी करने इन्कार कर दिया। लड़की और लड़के पक्ष के लोग दूल्हन को समझाते रहे। लेकिन दूल्हन राजी नहीं हुई। मामला थाने पहुंचा तो पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। वहीं दूल्हे को बिना दूल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
सफीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में कानपुर से बारात आई थी। बैंड बाजे के साथ पहुंची बारात का रीति रिवाजों के साथ लड़की पक्ष की तरफ से स्वागत किया गया था। हंसी ठिठोली के बीच जयमाल का कार्यक्रम संपन्न हो गया था। केवल शादी की रस्म भंवरी पड़नी बाकी थी। बताते हैं की इस बीच दुल्हन ने दूल्हे को सिगरेट पीते देख लिया। इसके चलते दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया।
दुल्हन के मना करने के बाद वर वधू पक्ष के लोगों ने दुल्हन को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन दुल्हन नशेबाज दूल्हे के साथ शादी करने को तैयार नहीं हुई। मामला थाने तक पहुंचा तो सफीपुर थाना प्रभारी अवनीश सिंह ने दोनों पक्षों में समझौता कराया। दोनों पक्षों की तरफ से जो भी लेन-देन हुआ था उसे लड़की और लड़के के पक्ष ने एक दूसरे को वापस कर दिया। बारात बिना दुल्हन के ही बैरंग वापस लौट गई।
थाना प्रभारी अवनीश सिंह ने बताया की लड़की शादी करने को तैयार नहीं थी, क्योंकि लड़की ने लड़के को नशे का आदी बताया। साथ ही चढ़ावे जो जेवर आए थे उनको देखकर भी लड़की काफी नाराज थी। ऐसे में दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया।