लखनऊ। हम कल 76वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहे हैं, आजादी के इस उत्सव पर उत्तर प्रदेश नए रंग में नजर आ रहा है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत घरों, कार्यालयों में तिरंगा ध्वज नजर आ रहा है। बीजेपी हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की कोशिश में जुटी है। वहीं, अन्य पार्टियों ने भी इस उत्सव को लेकर खास तैयारी की है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजादी का अमृत महोत्सव के भाग के रूप में लखनऊ में तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई।
सभी लोग बनें भागीदार
सीएम योगी ने हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत करते हुए प्रदेशवासियों से आजादी के अमृत महोत्सव का भागीदार बनने का अपील की। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रिय प्रदेश वासियो! देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हमारी आन-बान-शान का प्रतीक भारत का राष्ट्रध्वज देश के शौर्य, शांति और बलिदान का प्रतीक भी है। आइए, 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर, हम भी अपने-अपने घर पर तिरंगा फहराकर आजादी के अमृत महोत्सव में भागीदार बनें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प से जुड़ें।
आम आदमी पार्टी की तिरंगा संकल्प यात्रा
आम आदमी पार्टी (आप) रविवार से पूरे उत्तर प्रदेश में अपनी तिरंगा संकल्प यात्रा शुरू कर रही है। ये यात्राएं साप्ताहिक तिरंगा शाखा बैठकों के अतिरिक्त होंगी, जिसका आयोजन पार्टी पिछले कुछ हफ्तों से कर रही है, जहां सदस्य नदियों और जल निकायों की सफाई करते हैं। पार्टी सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि नदियों को साफ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। वह खुद हर रविवार को गाजियाबाद की हिंडन नदी में नदी की सफाई में शामिल होने जाते थे। उन्होंने कहा, रविवार को तिरंगा यात्रा के दौरान हम भारत को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने, रोजगार बढ़ाने, किसानों की आय दोगुनी करने और महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लेंगे। यात्रा के आयोजन का मकसद भाईचारे की एकता को बढ़ावा देना है।