हरदोई। जनपद में दो लड़कियों की अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। यहां दो लड़कियों एक-दूसरे से बेइंतहा मोहब्बत करती हैं। प्यार पर पागल दोनों लड़कियां दो दिन पहले घर से भाग गईं। परिवारवालों ने खोजबीन की, लेकिन कहीं उनका पता नहीं चला। परिवारवाले थाने जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने दोनों को पकड़कर थाने लेकर पहुंची। जहां उन्होंने इंस्पेक्टर से कहा कि, हमारे परिवारवाले हमारी शादी नहीं होने देंगे। ऐसे में ‘साहब प्लीज’ हमारा विवाह करवा दें। कई घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने उन्हें समझाया और किसी तरह से दोनों को उनके परिवारवालों के साथ घर भिजवाया।
बेहटागोकुल क्षेत्र में दो समुदायों की लड़कियां एक ही साथ पढ़ती हैं। उनके बीच रिश्ते गहरे हो गए और जाति-धर्म को छोड़कर दोनों साथ साथ जिंदगी बिताने का सपना देखकर दो दिन पहले घर से चली गईं। परिवारवालों ने युवतियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवाई। मामला दो समुदायों का होने के चलते पुलिस सक्रिय हो गई और उन्हें खोज लाई। दोनों के परिवारवालों को बुलवाया। पर दोनों शादी करने पर अड़ गईं। पुलिस के समझाने के बाद वह घर जाने को तैयार हुई है।
लड़कियों के पास से पुलिस को पत्र भी मिले हैं, जिसमें उन्होंने लिखा है कि वह लोग एक-दूसरे से प्यार करती हैं और शादी कर एक साथ जिंदगी जीना चाहती हैं। वहीं दो लड़कियों के प्रेम प्रसंग को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों लड़कियों के प्रेम-प्रसंग के बारे में उनके परिवारवालों को पहले से जानकारी थी। दोनों के परिजन उनके घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी थी। मोबाइल भी छीन लिए थे।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों युवतियों के परिवारवाले एक-दूसरे के घर आते थे। बचपन से ही दोनों लड़कियों के बीच गहरी दोस्ती थी। बड़ी हुई तो दोस्ती प्यार में बदल गई। वहीं पूरे मामले पर थाना प्रभारी रंधा सिंह ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी नहीं है। दोनों ज्यादातर साथ में ही रहती है। दोनों के परिवार लड़कियों को साथ ले गए।