जोधपुर में सोमवार रात करीब 11:30 बजे मामूली बात को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जालोरी गेट चौराहे पर देर रात जमकर पत्थरबाजी हुई। जिसके बाद मौके पर पुलिस और आरएसी का दल पहुंचा और स्थिति को कंट्रोल किया। फिर दोनों पक्षों के लोगों से समझाइश कर मामला शांत करवाया गया। हालांकि, देर रात एक गुट के लोग वापस लौटे जिसके बाद मामला फिर गरमा गया। देर रात तक भारी पुलिस बल जालोरी गेट और ईदगाह क्षेत्र में तैनात रहा।
दरअसल, जालोरी गेट चौराहे पर कुछ लोग झंडे लगा रहे थे। इस दौरान वीडियो बनाते एक शख्स को कुछ युवकों ने पीटना शुरू कर दिया। जिस पर कुछ लोग बीच-बचाव करने आए तो उन्हें भी पीटा गया। इसके बाद दूसरे गुट ने सामने वाले गुट पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला काफी बढ़ गया।
दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक पत्थरबाजी और हंगामा चलता रहा। इसमें एक मीडियाकर्मी सहित कुछ लोग भी घायल हुए। जालोरी गेट चौकी पर भी पथराव का गया। पुलिस ने 12:30 बजे खदेड़कर और समझाकर मामला शांत करवा दिया था। पुलिस ने पूरे चौराहे की बैरिकेडिंग भी की थी।
इस दौरान एक पक्ष जालोरी गेट के पास इकठ्ठा था तो दूसरा पक्ष ऑक्सफोर्ड स्कूल के पास अपने क्षेत्र में चला गया। थोड़ी देर बाद दो नेता जालोरी गेट आए और पुलिस से बात की, और फिर वापस चले गए। इसके कुछ ही देर बाद ऑक्सफोर्ड स्कूल की रोड से भीड़ आई और तेजी से पथराव कर दिया. इसे देखकर जालोरी गेट की ओर से दूसरे पक्ष ने भी जवाबी पत्थर फेंके। पुलिस ने स्थिति बिगड़ती देखकर ऑक्सफोर्ड स्कूल की ओर आंसू गैस के गोले छोड़े।
Related posts
- Comments
- Facebook comments