फतेहपुर। शहर के अहमदपुर वार्ड स्थित एक पति ने देररात अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। जिस वक्त पति जल्लाद बलकर वारदात को अंजाम दे रहा था, तब उसका बेटा मां को नहीं मारने की गुहार लगा रहा था। लेकिन कातिल नहीं माना और बेटे की आंख के सामने उसकी मां की हत्या कर दी। आरोपी फरार होने के बजाए पत्नी के कटे सिर को पास में रखकर सुबह तक बैठा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया है कि, पत्नी के एक युवक के साथ संबंध थे। कईबार रोका, लेकिन वह नहीं मानी। जिसके बाद मैंने उसकी हत्या कर दी। वहीं पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रंक्तरंजित कुल्हाड़ी बरामद की है और फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं।
मलवां थानाक्षेत्र निवासी रामविशाल रैदास उर्फ राजा राजमिस्त्री पिछले 20 सालों से फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक किराए के मकान में रहता था। रामविशाल की पत्नी और उसके तीन पुत्र भी साथ में रहते थे। रामविशाल मजदूरी कर अपना व परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार देर रात वह, पत्नी व पुत्र अलग-अलग चारपाई में कमरे के बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे। रात करीब दो बजे रामविशाल ने घर पर रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी के गर्दन के पीछे तीन-चार प्रहार करके मौत के घाट उतार दिया।
चीख सुनकर दूसरे नंबर का बेटा जाग गया और मां को खून से लथपथ देखकर सहम गया। रविवार तड़के गांव वालों को घटना की जानकारी हुई और सूचना देकर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस के आने तक रामविशाल रैदास घर पर पत्नी के शव के पास बैठा रहा। गांव आई पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद कर ली। कोतवाली इंस्पेक्टर अमित कुमार मिश्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपित पति से पूछताछ की गई है। जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
सीओ सिटी वीर सिंह ने बताया कि पूछताछ में रामविशाल ने पत्नी की हत्या स्वीकार की है। उसने बताया कि सवा महीने से पत्नी पर शक था कि उसका किसी से नाजायज संबध हैं। ऐसा उसके हाव भाव से ऐसा प्रतीत होता था। इसी वजह से उसे रातों नींद नहीं आती थी। आरोपी ने पुलिस को बताया है कि, पत्नी के रहन-सहन और दूरी बनाए जाने से मैं परेशान था। वह घर से बिना बताए चली जाती थी। कई-कई घंटे वह घर नहीं आती। मुझसे वह ठीक से बात नहीं करती थी। इसी के चलते मैंने उसे मार दिया।